प्योंगयांग । दक्षिण कोरिया और अमेरिका का साझा सैन्य अभ्यास उत्तर कोरिया को रास नहीं आ रहा है। उत्तर कोरिया इसको चुनौती की तरह देख रहा है। उत्तर कोरिया ने एक बार फिर पूर्वी सागर की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। दक्षिण कोरिया के साथ जापान ने भी यह मिसाइल दागे जाने की पुष्टि कर आपातकालीन चेतावनी जारी की है।
इस समय दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है। पिछले सप्ताह शुरू हुआ यह सैन्य अभ्यास तीन अप्रैल को समाप्त होने वाला है। उत्तर कोरिया इस सैन्य अभ्यास का खुल कर विरोध कर रहा है। यह सैन्य अभ्यास शुरू होते ही उत्तर कोरिया कई मिसाइल प्रक्षेपित कर चुका है। इनमें पानी के नीचे परमाणु सक्षम हमले वाले ड्रोन का परीक्षण भी शामिल है।
अब एक बार फिर उत्तर कोरिया ने मिसाइल दाग कर दक्षिण कोरिया के साथ-साथ अमेरिका को भी चुनौती दी है। दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक उत्तर कोरिया ने पूर्वी सागर की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा कि सेना मिसाइल की उड़ान दूरी और अन्य विवरणों का विश्लेषण कर रही है।
इस बीच जापान के प्रधान मंत्री कार्यालय ने भी मिसाइल दागे जाने की पुष्टि कर आपातकालीन चेतावनी जारी की है। जापान के प्रधानमंत्री के कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा कि उत्तर कोरिया ने एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है। अधिक जानकारी आना बाकी है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने हवाई जहाजों सहित विभिन्न रक्षा प्रणालियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक सूचनाएं जुटाने के निर्देश दिये हैं। साथ ही जनता को भी समयबद्ध ढंग से सूचनाएं मुहैया कराने को कहा गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने अधिकारियों को सभी सावधानियां बरतने और किसी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिये हैं।
NORTH KOREA FIRE MISSILES
प्योंगयांग / सियोल । दक्षिण कोरिया व अमेरिका के बीच चल रहा संयुक्त सैन्य अभ्यास का कोई असर उत्तर कोरिया पर नहीं पद रहा। यह सैन्य अभ्यास उत्तर कोरिया को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। उत्तर कोरिया लगातार मिसाइल दागकर इस सैन्य अभ्यास को लेकर विरोध दर्ज करा रहा है। गुरुवार सुबह एक बार फिर उत्तर कोरिया ने लंबी दूरी की अंतरमहाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल दाग कर दक्षिण कोरिया को चुनौती दी है।
दक्षिण कोरिया व अमेरिका की सेनाएं इस समय संयुक्त सैन्य अभ्यास कर रही हैं। 13 मार्च से शुरू यह सैन्य अभ्यास 23 मार्च तक चलेगा। उत्तर कोरिया इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का विरोध कर रहा है। यही कारण है कि सैन्य अभ्यास शुरू होने के बाद से उत्तर कोरिया लगातार मिसाइल दाग कर अपनी ताकत दिखा रहा है। सैन्य अभ्यास शुरू होने के तुरंत बाद उत्तर कोरिया ने दो क्रूज मिसाइलें दागी थीं। इसके बाद दो छोटी दूरी की मिसाइल दागकर उत्तर कोरिया ने चुनौती दी थी। अब गुरुवार सुबह उत्तर कोरिया ने एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल दागी।
दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक स्थानीय समयानुसार सुबह 7:10 बजे प्योंगयांग से बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने के बाद कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्वी समुद्री जल क्षेत्र की ओर उड़ी। जापानी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मिसाइल जापान के द्वीप से 250 किमी दूर गिरी। इससे पहले इसने लगभग 70 मिनट तक 6,000 किमी से अधिक की ऊंचाई पर लगभग 1,000 किलोमीटर तक उड़ान भरी।
दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा कि मिसाइल दागने की घटना संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के खिलाफ है। साथ ही चेतावनी दी है कि उत्तर कोरिया को इस उकसावे की कीमत चुकानी पड़ेगी। दक्षिण कोरिया ने जापान और अमेरिका के साथ मजबूत सुरक्षा सहयोग का आह्वान भी किया है।
माना जा रहा है कि जापान और दक्षिण कोरिया मिसाइल परीक्षण के बाद यूएन सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाने की मांग कर सकते हैं। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल जापान के दौरे पर जा रहे हैं। वह टोक्यो में एक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके अलावा उत्तर कोरिया और अन्य चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए बेहतर सहयोग पर चर्चा करेंगे।