भोपाल । लोकसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी समेत कई पूर्व विधायक भाजपा में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इन नेताओं को पार्टी में शामिल किया।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, धार से पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी, इंदौर-1 के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, देपालपुर के पूर्व विधायक विशाल पटेल, पिपरिया से पूर्व विधायक अर्जुन पलिया सहित अन्य कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का परिवार बढ़ रहा है। कांग्रेस के सुरेश पचौरी जैसे नेता के अनुभवों का लाभ भाजपा को मिलेगा।
कैलाश विजयवर्गीय अपने बयानों में हमेशा संजय शुक्ला को घर का बच्चा बताते रहे हैं। इंदौर-1 के पूर्व विधायक संजय शुक्ला को भाजपा का दुपट्टा पहनाते समय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मजाकिया अंदाज में कहा- ‘तेरी गाली सुनी और तेरे को ही लेना पड़ा रहा है’ यह सुनकर संजय जोर से हंस दिए। साथ में कैलाश ने भी ठहाका लगाया। उनके इस मजाक का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि चुनाव के दौरान संजय ने भी विजयवर्गीय को गुंडा बताया था।
MP CONGRESS
भोपाल । मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा पर हमले तेज कर दिये है। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने प्रदेश की भाजपा सरकार के विरुद्ध आरोप पत्र जारी किया। आरोपों की पहली किस्त में प्रमुख विषयों को शामिल किया गया है , जबकि, दूसरी किस्त में विभागवार आरोप पत्र जारी होगा।
कमलनाथ ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आरोप पत्र जारी करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार विश्व की सबसे अधिक घोटाले करने वाली सरकार है। शिवराज जी ने अपने 18 साल के कार्यकाल में घोटाले पर घोटाले कर भ्रष्टाचार का कीर्तिमान रच दिया है। शिवराज सरकार के काले कारनामों का काला चिट्ठा बहुत लंबा है, जिनमें से कुछ महत्वपूर्ण महाघोटालों को शामिल कर कांग्रेस पार्टी ने शिवराज सरकार के 18 साल के कार्यकाल की घोटाला-शीट तैयार की है। इससे मध्य प्रदेश की जनता को 50 प्रतिशत कमीशनराज की तथ्यात्मक हकीकत भली भांति समझ आ जाएगी।
घोटाला करने में भगवान को भी नहीं छोड़ा
कमलनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि संसार में ऐसा उदाहरण कम ही मिलेगा जब किसी मुख्यमंत्री ने गर्भस्थ शिशु से लेकर मृत्यु को प्राप्त हो चुके मनुष्य तक को अपने घोटाले में शामिल कर लिया हो और इतना ही नहीं घोटाला करने में भगवान को भी ना छोड़ा हो। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पोषण आहार घोटाले में शिवराज सरकार ने गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशुओं के साथ भ्रष्टाचार किया। राशन घोटाले में सभी नागरिकों के भोजन में घोटाला किया। आयुष्मान घोटाले में मृतकों के नाम पर उपचार कराकर संसार से विदा हो चुके मृतकों के नाम पर भी घोटाला कर दिया। यही एक ऐसी सरकार है जिसने सिंहस्थ और महाकाल लोक घोटाले में भ्रष्टाचार कर भगवान के साथ भी धोखा किया है। शायद इन्हीं जैसे बेईमानों के लिए यह गाना लिखा गया था-भगवान को धोखा देते हैं, इंसान को यह क्या छोड़ेंगे?
व्यापमं घोटाले पर किया घेराव
कमलनाथ ने व्यापमं घोटाले पर सरकार का घेराव करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में तो शिवराज सरकार ने घोटालों की झड़ी लगा दी है। व्यापमं घोटाला अगर शिक्षा के क्षेत्र में हुआ दुनिया का सबसे बड़ा और भयानक घोटाला है तो शिवराज सरकार ने स्कूल में, स्कूल में चलने वाली कक्षाओं में, कक्षाओं में बैठने वाले छात्रों और छात्रों के द्वारा पहने जाने वाली गणवेश में और कक्षा में सिखाए जाने वाले कौशल में भी घोटाला किया है।
शिव राज में चल रहा कमीशनराज
कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सरकार कमीशन, भ्रष्टाचार और घोटालों को अपना अधिकार समझने लगी है। इसीलिए जब एक ठेकेदार ने कमीशन राज से दुखी होकर पत्र लिखा और समाचार पत्रों ने उसे पत्र को प्रकाशित किया तथा कांग्रेस के नेताओं ने उन समाचारों को ट्वीट किया तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की बजाय शिवराज सरकार के इशारे पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में मुकदमे दर्ज करने का अभियान शुरू कर दिया गया। लेकिन कल रीवा के दूसरे ठेकेदार ने कैमरे के सामने स्वीकार किया कि गौशाला निर्माण में भी 50 प्रतिशत कमीशनराज चल रहा है, इससे पता चलता है कि शिवराज सरकार चोरी और सीनाजोरी पर उतर आई है। कमलनाथ ने कहा कि आज जो घोटाला शीट जारी की जा रही है उसे कांग्रेस के कार्यकर्ता मध्य प्रदेश के हर घर तक पहुंचाएंगे, ताकि मध्य प्रदेश की जनता यह जान सके कि उनके साथ किस तरह लूट की जा रही है।
भोपाल । आगामी विधान सभा चुनावों के मद्देनज़र मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आज सोमवार को पॉलिटिकल अफेयर की बैठक बुलाई है।पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के आवास पर आज शाम होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी समेत कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल होंगे।
बैठक में पॉलिटिकल अफेयर कमेटी के सदस्य मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल भी बैठक में शामिल होंगे। बैठक में जुलाई महीने में कांग्रेस के दिग्गजों के दौरों को लेकर तैयारी होगी। साथ ही चुनाव की तैयारियों पर भी मंथन होगा। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस बड़ी सभाओं की तैयारी में जुटेगी।
उल्लेखनीय है कि सत्ता वापसी में जुटी कांग्रेस ग्वालियर-चंबल और विंध्य पर फोकस कर रही है ।