भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रविवार को एक दिवसीय प्रवास पर भोपाल पहुंचे। यहां स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत पार्टी के अनेक नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
भोपाल पहुंचने पर गांधी नगर में हुए स्वागत समारोह में नड्डा ने कहा कि राजा भोज की नगरी में आना मेरा सौभाग्य है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि इस बार 200 पार करना है। यह संकल्प लें कि 51 प्रतिशत से ज्यादा वोट से हम मध्य प्रदेश में लाएंगे।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि जिस तरह से यहां मेरा स्वागत हुआ, उत्साह दिखा, यह उत्साह आने वाले समय का संदेश दे रहा है। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान सरकार की लाडली बहना योजना को क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि बहनों के स्वाभिमान की दिशा में यह मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजाभोज की नगरी भोपाल में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी का हार्दिक स्वागत है। आपके प्रत्यक्ष सानिध्य की सन्निधि एवं स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन सभी कार्यकर्ताओं में विजय के संकल्प को साकार करने के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के भोपाल आगमन पर स्वागत उद्बोधन में कहा कि जिनके नेतृत्व में हम एक के बाद एक विधानसभा चुनाव जीतते जा रहे हैं और जिन्होंने सेवा ही संगठन का मंत्र दिया,उनका मध्यप्रदेश की धरती पर हृदय से स्वागत करता हूं। आज हम अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी के समक्ष संकल्प लें कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से सरकार बनायेंगे और 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतेंगे।
जेपी नड्डा रविवार को भोपाल में करीब 11 घंटे रहेंगे और पार्टी के प्रदेश कार्यालय का भूमिपूजन करने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका सुबह करीब साढ़े दस बजे विमान से उनका भोपाल आगमन हुआ, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद जेपी नड्डा पार्टी के नेताओं के साथ भोपाल के गांधीनगर मंडल के सनसिटी स्थित बूथ क्रमांक 53 में पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम दौरान नड्डा ने शहीद ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के पिता केपी सिंह का सम्मान किया।
भाजपा अध्यक्ष दोपहर 1.55 बजे पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय का भूमिपूजन करेंगे। फिर दोपहर पौने तीन बजे बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 5.00 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हॉल में उनका प्रबुद्धजनों से चर्चा करने का कार्यक्रम है। शाम 7.00 बजे वे भाजपा कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक लेंगे। रात 9.10 बजे वे स्टेट हैंगर के लिए रवाना होंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जेपी नड्डा का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।