लखनऊ। विपक्षी दलों के गठबंधन आईएनडीआईए के प्रमुख घटक दल कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 11 सीटें समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दी हैं। सीटें देने का मामला मीडिया में सामने आने के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि सीटों पर फैसला कांग्रेस करेगी। कांग्रेस हाईकमान इस संबंध में फैसला लेगा। उन्होंने सपा के 11 सीटें देने के निर्णय को नामंजूर करने की बात कही।
इंडिया गठबंधन के घटक दल समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल के लिए लोकसभा की 07 सीटों को देने की बात पहले ही कह दी है। अब कांग्रेस को 11 लोकसभा सीटें देने का मामला सामने आने के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की असहमति सामने आ गई है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के जरिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की जानकारी दी है। अखिलेश ने लिखा है कि कांग्रेस के साथ 11 लोकसभा सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है। ये सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं। इंडिया गठबंधन में यूपी में सपा कांग्रेस को ज्यादा सीटें के मूड में नहीं है। सपा की रालोद के साथ सीटों पर सहमति बनने के बाद पार्टी प्रमुख जयंत चौधरी ने कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए जुटने की अपील भी कर दी है।