कानपुर। कोपरगंज में व्यापारी के ठिकाने पर सर्वे करने गई जीएसटी की टीम से व्यापारियों ने नोकझोंक की। व्यापारियों का कहना है कि जीएसटी अफसर सर्वे के नाम पर दहशत फैलाते हैं और कारोबार नहीं करने देते। सर्वे के बाद उनके दलाल सक्रिय हो जाते हैं फिर उगाही करते हैं।
उत्तर प्रदेश प्रांतीय व्यापार मंडल व व्यापार सभा की ओर से शनिवार को व्यापारियों ने चौपाल लगाई। चौपाल में व्यापारियों ने जीएसटी छापेमारी, सर्वे और उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष की घोषणा की। व्यापारियों ने प्रदेश सरकार से छापेमारी, उत्पीड़न रोकने की मांग की। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जीएसटी के नाम पर छापेमारी से दहशत है। छापे के दौरान व्यापारियों के साथ बदमाशों सरीखा व्यवहार किया जाता है। बिना हिसाब-किताब जीएसटी और जुर्माना लगाया जाता है। फिर दलाल सक्रिय हो जाते हैं। उगाही की जाती है। व्यापारी कारोबार ठप कर इसका विरोध करेंगे।
उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष गुरजिंदर सिंह का कहना था कि छापे और सर्वे की वजह से व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। इसलिए इसका विरोध लगातार किया जाएगा। इसके बाद भी अगर कार्यवाही नहीं रुकी तो कानपुर से लेकर लखनऊ तक प्रदर्शन किया जाएगा।
Tag: