खार्तूम जेद्दाह/ । हिंसक संघर्ष से प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए चलाए जा रहे अभियान, ऑपरेशन कावेरी में तेजी लाई गयी है। सूडान से भारतीयों का दसवां जत्था निकाला गया है। वहीं, सूडान स्थित भारतीय दूतावास कर्मचारियों के परिजन भी सूडान से निकल कर जेद्दाह पहुंच चुके हैं।
भारत सरकार ने सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी शुरू किया है। इस बीच सूडान की सेना और अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेस के बीच संघर्ष विराम 72 घंटे के लिए और बढ़ जाने का लाभ भी ऑपरेशन कावेरी से जुड़े अधिकारी लेना चाहते हैं। इस कारण सूडान से भारतीयों को निकालने में तेजी लाई जा रही है। इस अभियान के तहत जल व वायुमार्ग से सूडान में फंसे भारतीयों को निकाला जा रहा है। भारतीय वायुसेना के सी-130जे विमान ने सूडान से जेद्दाह के लिए उड़ान भरी। इस विमान से 135 भारतीयों का दसवां जत्था सूडान से निकाला गया है।
उधर, जेद्दाह में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन स्वयं मौजूद रहकर ऑपरेशन कावेरी पर नजर रख रहे हैं। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर सूडान से आए आठवें जत्थे का जेद्दाह में स्वागत करने की जानकारी दी थी। इस जत्थे में सूडान स्थित भारतीय दूतावास के कर्मचारियों के परिजन भी शामिल थे, जिन्होंने संकटग्रस्त सूडान से निकलने के बाद राहत की सांस ली।
सूडान में करीब तीन हजार भारतीय रह रहे थे। जिस रफ्तार से भारतीय टीम वहां से लोगों को निकाल रही है, इससे माना जा रहा है कि जल्द ही भारत का ऑपरेशन कावेरी सफलतापूर्वक पूरा हो जाएगा।
सूडान में 72 घंटे और बढ़ा संघर्ष विराम, विदेशी नागरिकों को निकालना होगा आसान
उधर ताज़ा जानकारी के अनुसार सूडान में चल रहा भीषण संघर्ष तीन दिन और रुका रहेगा। सूडान में 72 घंटे संघर्ष विराम बढ़ाने पर सहमति बन गयी है। इससे विदेशी नागरिकों को निकालना आसान होगा।
सूडान पर कब्जे को लेकर सेना और अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेस के बीच लड़ाई छिड़ी हुई है। ईद के दिन पहली बार 72 घंटे का संघर्ष विराम लागू किया गया था, किन्तु उस पर अमल नहीं हो सका। इसके बाद तमाम कोशिशों के बाद 24 व 25 अप्रैल की रात से 72 घंटे का संघर्ष विराम शुरू हुआ। इस संघर्ष विराम के बाद भारतीय नागरिकों को सूडान से निकालने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कावेरी सहित सूडान में फंसे दुनिया भर के नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकाले जाने का रास्ता तैयार हुआ।
अब एक बार फिर संघर्ष विराम को 72 घंटे और बढ़ाने पर सहमति हो गयी है। सूडानी सेना ने बयान जारी कर कहा कि संघर्ष विराम को और 72 घंटे के लिए बढ़ाया जा रहा है। सेना ने कहा कि सऊदी अरब और अमेरिका ने इसके लिए मध्यस्थता की है। वहीं, दूसरे पक्ष रैपिड सपोर्ट फोर्सेस ने कहा है कि वह भी संघर्ष विराम बढ़ाने को राजी हो गए हैं। अमेरिका, सऊदी अरब, नॉर्वे, ब्रिटेन और यूएई ने इसका प्रस्ताव दिया था।
सूडान में संघर्ष विराम बढ़ाने में अफ्रीकन यूनियन व संयुक्त राष्ट्र के साथ सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, अमेरिका जैसे देश प्रयासरत थे। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने भी बयान जारी कर सूडान में संघर्ष विराम बढ़ने की पुष्टि की है।
संघर्ष विराम बढ़ने से सूडान में फंसे भारतीयों सहित दुनिया भर के नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालना आसान हो जाएगा। वहां फंसे भारतीयों को निकालने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कावेरी के लिए भी यह राहत की खबर है। सूडान से अभी तक भारतीयों के आठ जत्थे सुरक्षित निकाले जा चुके हैं और जल्द ही सभी भारतीयों को सूडान से सुरक्षित निकालने का काम पूरा हो जाएगा।