हिसार। हरियाणा में आदमपुर के विधायक एवं भजन ग्लोबल इम्पेक्ट फाउंडेशन के उपाध्यक्ष भव्य बिश्नोई को यूके में ‘इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स’ के सम्मान से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान लंदन, यूनाइटेड किंगडम की संसद, वेस्टमिंस्टर के पैलेस में एक स्वागत समारोह में दिया गया।
अभिनेत्री परिणति चौपड़ा सहित देश के अन्य 74 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी मिला यह सम्मान
भव्य बिश्नोई के अलावा देश के अन्य 74 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को यह सम्मान दिया गया है, जिनमें अभिनेत्री परिणति चौपड़ा सहित फिल्म जगत की हस्तियां भी शामिल हैं। भव्य बिश्नोई को यह अवार्ड ‘इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स’ भारत की आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में दिया गया। यह अवार्ड यूके में अध्ययन करने वाले भारतीय छात्रों की शैक्षिक और व्यावसायिक उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया। भव्य बिश्नोई जिन्होंने यूके में पढ़ाई की और भारत में एमएलए के रूप में चुने गए जिसके लिए उन्हें आउटस्टैंडिंग अचीवर के रूप में चुना गया है।
भव्य बिश्नोई ने प्रतिष्ठित लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने ऑक्सफोर्ड एवं हावर्ड यूनिवर्सिटीज से भी मास्टर्स की पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सामाजिक संस्था भजन ग्लोबल इम्पेक्ट फाउंडेशन की स्थापना की और सक्रिय राजनीति में भी भाग लिया। हाल ही में हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट से हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करके वे पहली बार विधायक बने हैं।