शिमला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने बुधवार सुबह हिमाचल में प्रवेश किया। कांगड़ा जिले के इंदौरा में प्रवेश करने के बाद ये यात्रा आज करीब 24 किलोमीटर का पैदल सफर तय करेगी। राहुल गांधी के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मंत्रिपरिषद के सदस्यों के अलावा अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा आरम्भ करने का उद्देश्य देश में एकता और सौहार्द का संदेश देना है। लगभग चार माह पूर्व कन्याकुमारी से शुरू की गई यह यात्रा नफरत वाली विचारधारा के विरुद्ध है। इसके साथ-साथ यात्रा के माध्यम से सरकार को बढ़ती महंगाई एवं बेरोजगारी के प्रति आगाह भी किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी सारी नीतियां कुछ उद्योगपति मित्रों को खुश करने के लिए बना रही है। चाहे नोटबंदी हो या फिर जीएसटी, केंद्र सरकार के फैसले मजदूर, गरीब एवं आम आदमी के हित में नहीं हैं। सरकार हर मंच पर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। विपक्ष के नेताओं को संसद में बोलने का अवसर नहीं दिया जाता।
राहुल गांधी ने कहा कि पहले भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित नहीं थी, लेकिन हिमाचलवासियों के स्नेह के कारण यात्रा रूट में बदलाव किया गया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को पूरे देश में भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ है तथा उन्हें भी काफी कुछ सीखने को मिला है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने राहुल गांधी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस की भारी जीत भ्रष्टाचार पर सच्चाई की जीत है। इसका श्रेय राहुल और प्रियंका गांधी के समर्पण एवं दृढ़ प्रयासों को जाता है। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के माध्यम से समस्त हिमाचल कांग्रेस द्वारा दिखाए गए एकता और अखंडता के मार्ग का अनुसरण करेगा।
यह यात्रा इंदौरा से होते हुए दोपहर बाद मलोट पहुंचेगी, जहां राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद ये यात्रा पंजाब के पठानकोट से होते हुए जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी इस 3570 किलोमीटर की यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। यह यात्रा 7 सितंबर 2022 को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से आरम्भ हुई और 30 जनवरी 2023 को श्रीनगर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ सम्पन्न होगी।
India Jodo Yatra
मुंबई। महाराष्ट्र के वाशिम जिले में राजगांव इलाके में मंगलवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक मची भगदड़ में एक पदयात्री घायल हो गया। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का महाराष्ट्र में आज नौवां दिन है। सुबह अप्रत्याशित रूप से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से भगदड़ मची। राजगांव के मराठवाड़ा-विदर्भ सीमा पर पारंपरिक मराठी संस्कृति के अनुसार भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत किया गया। सोनिया गांधी 1999 में वाशिम आई थीं। 23 साल बाद राहुल गांधी वाशिम आए हैं। भारत जोड़ो यात्रा में नाना पटोले, माणिकराव ठाकरे, पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर, विधायक अमित जनक शामिल हुए।
राहुल गांधी ने कहा कि मैंने देश के लिए अपना परिवार खो दिया है। देश में डर का माहौल है लेकिन मैं किसी से नहीं डरता। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से लोगों में विश्वास जगेगा। लोगों का समर्थन मिल रहा है, इससे लगता है अब बदलाव होगा।
अलवर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग एवं कारागार मंत्री टीकाराम जूली ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की आगामी माह की 19-20 दिसम्बर को प्रस्तावित भारत जोड़ो यात्रा की ऐतिहासिक विशाल जनसभा अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 19 दिसम्बर को भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के दौसा जिले के बसवा के रास्ते होते हुए अलवर जिले में प्रवेश करेगी। आज कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों के साथ मालाखेडा में राज्य स्तरीय सभा के लिए जगह चिन्ह्ति करने के लिए मौका मुआयना किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य की सबसे बड़ी विशाल जनसभा मालाखेडा में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के राजस्थान संयोजक मंत्री गोविन्दराम मेघवाल एवं राहुल गांधी की यात्रा की जिम्मेदारी संभाल रहे उनके निजी सचिव सुशांत सिंह व पार्टी पदाधिकारियों के साथ राहुल गांधी की यात्रा के दौरान किए जाने वाले रात्रि प्रवास को लेकर मालाखेडा, राजगढ़, सुरेर व रामगढ़ क्षेत्र का दौरा किया। टीम ने तैयारियों का एक रोड मैप तैयार किया है। रोड मैप पर मंथन कर व्यवस्थाओं व कार्यक्रम को शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 4 दिसम्बर को राजस्थान प्रदेश के कोटा, झालावाड के रास्ते यह यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। तत्पश्चात् रामगढ़ नौगांवा होते हुए भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि कन्याकुमारी से शुरू हुई इस यात्रा से पूरे देश में उत्साह का माहौल है। ना केवल कांग्रेसी बल्कि सभी भारत वासियों में भारत जोडो इस यात्रा से एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने बताया कि 117 लोगों से शुरू हुई यात्रा में लगभग 5 हजार भारत यात्री इसमें जुड़ चुके हैं।
इस दौरान आरटीडीसी अध्यक्ष धमेन्द्र राठौड, मेवात बोर्ड के अध्यक्ष जुबेर खांन, जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, डेयरी चेयरमैन विश्राम गुर्जर, विधायक जौहरी लाल मीना, प्रधान नसरू खान, संजीव बारेठ, अनिल जैन, रिपुदमन गुप्ता, नरेन्द्र सावित्री मीना, हिम्मत सिंह चौधरी, लालाराम सैनी, सिद्धार्थ व्यास, पेमाराम सैनी, दीनबंधु शर्मा, राकेश चौधरी, दुलीचंद मीना, भूमि अवाप्ति अधिकारी सोहन सिंह नरूका,जिला रसद अधिकारी जितेंद्र सिंह नरूका, एएसपी मुख्यालय सरिता सिंह, एसपी ग्रामीण सुरेश खींची सहित कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुंबई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को नांदेड़ जिले में एक गुरुद्वारा में मत्था टेकने के बाद 62वें दिन की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की है। उन्होंने गुरु नानक जयंती के 553वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा यादगारी बाबा जोरावर सिंहजी फतेह सिंहजी में देश में सौहार्द और समानता के लिए प्रार्थना की।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने सोमवार की रात तेलंगाना के बाद महाराष्ट्र में नांदेड़ जिले से प्रवेश किया है। रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार को जिले के बिलोली इलाके से आज यात्रा शुरू की गई है। यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी गुरुद्वारा यादगारी बाबा जोरावर सिंहजी फतेह सिंहजी गए और देश में सौहार्द और समानता के लिए प्रार्थना की। इसके बाद राहुल गांधी के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण, सुशील कुमार शिंदे, माणिकराव ठाकरे, बालासाहेब थोरात यात्रा में शामिल हुए। आज रात को राहुल गांधी बिलोली में रुकने वाले हैं।
महाराष्ट्र में सोमवार रात मशाल लेकर प्रवेश करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी जैसी केन्द्र की गलत नीतियों तथा माल एवं सेवा कर (जीएसटी) को खराब तरीके से लागू करने के कारण लघु व मध्यम उद्यम/व्यापार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोई ताकत हमें नहीं रोक सकती है। इस यात्रा का लक्ष्य देश को साथ लाना और देश के सामने खड़े मुख्य मद्दों को उठाना है। भारत की सच्चाई यह है कि एक ओर बेरोजगारी है, तो दूसरी ओर महंगाई की मार से लोग पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि देश के एक छोर से दूसरे छोर तक की इस यात्रा का लक्ष्य घृणा, क्रोध और हिंसा के खिलाफ आवाज उठाना है।
राहुल गांधी महाराष्ट्र की यात्रा के दौरान दो रैलियों को संबोधित करेंगे। पहली रैली नांदेड़ जिले में 10 नवंबर को और दूसरी रैली बुलढाणा जिले के शेगांव में 18 नवंबर को होगी। राज्य में यह यात्रा 15 विधानसभा और छह संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस दौरान 382 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। 20 नवंबर को यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।
बॉलीवुड एक्ट्रेस और फिल्म मेकर पूजा भट्ट बुधवार को ट्विटर पर जमकर ट्रेंड हो रही हैं। खास बात यह है उनके ट्रेंड होने के पीछे की वजह बॉलीवुड नहीं, बल्कि राजनीति से संबंधित हैं।
पूजा भट्ट कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं हैं। राहुल की ये यात्रा जब तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंची तो उनके साथ पूजा भट्ट भी शामिल हुईं।
ट्विटर पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में पूजा भट्ट पार्टी नेता राहुल गांधी के साथ चलते हुए उनसे बातचीत करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान पूजा फुल स्लीव्स ब्लैक कुर्ते और प्रिंटेड स्टोल पहने हुए नजर आईं। उन्होंने वहां मौजूद कांग्रेसी समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया। जिसके बाद समर्थक भी एक्ट्रेस को देखकर काफी एक्साइटेड नजर आए।
हालांकि राहुल की यात्रा को सोशल मीडिया पर बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर का समर्थन मिल चुका है, लेकिन इस तरह से यात्रा में शामिल होने वाली पूजा भट्ट पहली बॉलीवुड सेलेब्स हैं।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा 150 दिनों में कन्या कुमारी से कश्मीर तक 3 हजार 500 किमी का रास्ता तय करेगी। इस दौरान राहुल गांधी देश भर में लाखों लोगों के साथ बातचीत करेंगे।