नई दिल्ली। पूरे देश में रंगों का त्योहार होली धूम धाम से मनाई जा रही है । होली के दिन दिल खिल जाते हैं वाला नजारा बुधवार को दिखाई दिया। रंगों के त्योहार में रंगों से सराबोर गुजिया और भांग के संग पूरे देश में सुबह- सवेरे होली की धूम मची। इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में विभिन्न स्कूलों और संगठनों के छात्रों के साथ होली का त्योहार मनाया। उन्होंने छात्रों को तिलक लगाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप सभी जीवन में हमेशा आनंद और उमंग के रंग बरसे। इस बीच पीएम मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भारत की प्रगति में महिलाओं की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने के लिए काम करती रहेगी। पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हमारी नारी शक्ति की उपलब्धियों को नमन। हम भारत की प्रगति में महिलाओं की भूमिका की सराहना करते हैं। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर उन महिलाओं का संकलन भी साझा किया, जिनकी जीवन यात्रा ‘मन की बात’ में दर्ज की गई थी।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ मंगलवार को नई दिल्ली में होली मनाई। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने आवास पर होली का जश्न मनाया। अमेरिकी वाणिज्य सचिव जीना रायमोंडो भी होली समारोह में भाग लेने के लिए रक्षा मंत्री के आवास पर पहुंचीं।
योगी आदित्यनाथ ने मनाया होली का जश्न
उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ मंदिर में होली उत्सव में लोगों ने धूम-धाम से होली खेली। यहां लोगों ने फूलों की होली खेली। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गोरखपुर में होली का जश्न मनाया।
पंजाब में ‘होला मोहल्ला’ का उत्साह
पंजाब में ‘होला मोहल्ला’ के अवसर पर लोगों ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में अरदास की. सिक्खों के पवित्र धर्मस्थान श्री आनन्दपुर साहिब मे होली के अगले दिन से लगने वाले मेले को होला मोहल्ला कहते हैं। सिखों के लिये होला मोहल्ला बहुत ही महत्वपूर्ण है। यहां पर होली पौरुष के प्रतीक पर्व के रूप में मनाई जाती है। पूरे पंजाब के लोगों में होली को लेकर खूब उत्साह देखने को मिल रहा है। अमृतसर में हर्षोल्लास के साथ होली का त्योहार मना रहे हैं। लोग गाना-बजाना कर रहे हैं और रंगों के त्योहार को खूब खुशी के साथ मना रहे हैं।
राजस्थान के जैसलमेर में सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली मनाई। इस दौरान महिला जवानों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया. सभी एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाते नजर आ रहे हैं।
अमित शाह ने दी होली की बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी होली की बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट कर कहा रंग, उमंग, हर्ष और उल्लास के त्योहार होली की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. खुशियों का यह त्योहार आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे.
राहुल गांधी ने दी होली की बधाई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी. उन्होंने ट्वीट कर कहा होली का त्योहार सबके जीवन में नए रंग भरे, देश पर एकता का रंग चढ़े.
भारतीय जनता पार्टी ने दी होली की शुभकामनाएं
भारतीय जनता पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं हैं। बीजेपी ने लिखा होली के रंग आपके जीवन में खुशी, गर्मजोशी, सफलता, समृद्धि और जीवंतता लाए।
रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने दी शुभकामनाएं
अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार और पद्मश्री सुदर्शन पटनायक ने होली और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी. पुरी में उन्होंने एक रेत कला भी बनाई.
देश भर में होलिका दहन की रात से ही होली के त्योहार का रंग चढ़ने लगा था। सुबह-सवेरे ही लोगों के घरों में होली मनाने की तैयारियां शुरू हो गई। पूरे देश में लोग एक-दूसरे को रंगों के त्योहार की बधाई देने के लिए बेताब नजर आए। सड़कों पर घरों से होली के तराने गूंजने लगे। कहीं से होली के दिन दिल खिल जाते हैं की धुन सुनाई पड़ रही थी। तो कहीं से आई रे आई रंगों की होली पर लोग झूमते-गाते एक-दूसरे को होली की बधाई देते नजर आ रहे थे।
बच्चों की टोली की मस्ती
होली के त्योहार के मौके पर बड़े बुजुर्ग घर के दरवाजों पर अबीर-गुलाल की थाल लिए हर आने वाले का अभिवादन करते और अबीर-गुलाल का तिलक लगाते नजर आए। वहीं मोहल्लों सोसायटियों में भी होली का रंग सुबह से ही जमने लगा था। महिलाएं ढोलक की थाप पर होली गीतों पर थिरकने लगी तो युवाओं की टोली डीजे पर आज न छोड़ेंगे बस हमजोली जैसे गीतों पर झूमते दिखे।
एक-दूसरे पर पानी और रंग की बाल्टियां उड़ेलते रहे। बच्चों ने भी जमकर होली का लुत्फ उठाया। छतों पर पिचकारियां और पानी के गुब्बारे लिए उनकी टोलियां हर आने-जाने वालों पर रंग डालती और फिर छिप जाती। मस्तानों की टोली ढोलक-मंजीरे लिए फाग के गीत गाती होली की खुमारी में रंग चढ़ाती गईं।
दिन चढ़ने के साथ बढ़ती रही होली की खुमारी
तड़के सुबह से लोगों में होली मनाने का जो उत्साह -जोश था। दिन के चढ़ने के साथ वो बढ़ता गया। एक -दूसरे से मिलते-जुलते गले लगाते लोग गुजिया और पकवानों का आनंद लेते रहे। इस होली में हर कोई रंगों में डूब जाने को बेताब था। मेट्रो सिटीज में अपने घरों से दूर रह रहे प्रवासी लोगों ने भी अपनी रीति-रिवाजों के साथ पार्कों में सोसायटी में होली को पूरे परंपरागत तरीके से मनाया। ऐसा लगता था हर सोसायटी में एक छोटा भारत होली मना रहा है। गांवों और कस्बों में होली का अलग ही रंग देखने को मिल रहा था। परंपरागत होली गीतों के साथ स्वांग भी खेले गए। अपने कुलदेवता को रंग चढ़ाने के बाद गावों में लोगों ने होली का आगाज किया।
Tag: