कोलकाता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने भारत को ज्ञान के मुख्य केंद्र के तौर पर देखा था। पूरे विश्व को ज्ञान देने के लक्ष्य के साथ ऐतिहासिक विश्व भारती विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी।
मंगलवार को बीरभूम जिले के शांति निकेतन स्थित विश्वभारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंची राष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का स्मरण करते हुए कहा कि यहां आना तीर्थाटन से कम नहीं है। अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “मुझे कई शिक्षण प्रतिष्ठानों का दौरा करने का सौभाग्य मिला लेकिन विश्व भारती की मेरी यह यात्रा बहुत खास है क्योंकि यह दुनिया के सबसे महान विचारकों में से एक गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की स्मृतियों से जुड़ी हुई है। गुरुदेव ने भारत को ज्ञान के केंद्र के रूप में देखा था और इसी ज्ञान से पूरे विश्व को शिक्षित करने के लक्ष्य के साथ विश्व भारती की स्थापना हुई थी।”
उन्होंने कहा कि भारत और पड़ोसी बांग्लादेश के राष्ट्रगान “जन गण मन” और “आमार सोनार बांग्ला” की रचना इसी ज्ञान की ओर संकेत देती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को भविष्य में बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दी और राष्ट्रीय कर्तव्य बोध को ध्यान में रखने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में उपस्थित राज्यपाल डॉक्टर सीवी आनंद बोस और विश्वविद्यालय के कुलपति विद्युत चक्रवर्ती ने भी समारोह को संबोधित किया।
राष्ट्रपति मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को कोलकाता पहुंची थीं। दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें नागरिक सम्मान दिया। उसके पहले राज्यपाल को साथ लेकर राष्ट्रपति ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के एलगिन रोड स्थित पैतृक आवास का दौरा किया। उसके बाद कोलकाता के जोड़ासांको ठाकुरबाड़ी स्थित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक आवास भी गई थीं।
दौरे के दूसरे दिन मंगलवार सुबह राष्ट्रपति सबसे पहले बेलूर मठ गईं। उसके बाद एक राष्ट्रीयकृत बैंक के 80 साल पूरे होने के कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद विश्वभारती के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने शांति निकेतन पहुंची थी। इस समारोह के बाद राष्ट्रपति पश्चिम बंगाल का दो दिवसीय दौरा समाप्त कर दिल्ली लौट गई हैं।
Gurudev Rabindranath Tagore
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला स्थित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा स्थापित केंद्रीय विश्वविद्यालय विश्व भारती के दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का आधार कोई और नहीं बल्कि युवा हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा सदियों पुरानी है और इसी का अनुसरण कर देश नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
उन्होंने भारत को विश्व गुरु के तौर पर स्थापित करने में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि नवाचार, अत्याधुनिक तकनीकी और शोध, नई कंपनियों और स्टार्टअप के जरिए युवा देश को नई दिशा देंगे। युवाओं को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के दर्शन से प्रेरित होने की नसीहत देते हुए कहा कि गुरुदेव ने पश्चिम के राष्ट्रवाद का जो स्वरूप देखा था, उसने इंपेरिएलिज्य और मिलिट्रिज्म को जन्म दिया, जिसका परिणाम विश्वयुद्ध की विभीषिका के रूप में हमारे सामने आया। विश्व-भारती, अपने नाम के अनुरूप ही, अपने और गुरुदेव के पौरुषता को स्पष्ट करती है। विश्व भारती एक ऐसा शब्द है, जिसमें ‘विश्व’ भी है, और ‘भारती’ भी है। यानी समस्त विश्व के आचार-विचार और व्यवहार के साथ भारत के संबंधों का विकास और विश्व की सभ्यताओं से सर्वश्रेष्ठ चीजों का आदान-प्रदान।
राजनाथ सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2047 तक भारत दुनिया का सबसे बड़ी इकोनॉमी वाला सबसे मजबूत देश बनकर उभरेगा। युवाओं को विशेष तौर पर प्रेरित करते हुए राजनाथ ने कहा, “भारत की प्रगति का रास्ता आप लोगों से ही होकर जाता है और आप लोग जितने सशक्त होंगे, हमारा देश भी उतना ही सशक्त होगा, इसका हमें ख्याल रखना है। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में आप में से भी अनेक छात्र अपनी मेहनत, लगन और संस्कारों के बल पर कुछ नया और अलग करेंगे और दुनिया भर में अपना व देश का नाम रोशन करेंगे। जीवन में ज्ञान का जितना महत्व है उतना ही हमारे मूल्यों का भी महत्व है। आपको जीवन मूल्यों के प्रति हमेशा समर्पित होना चाहिए। आपके जीवन मूल्य ही आपके चरित्र को बनाते हैं। आप सभी अब कॉलेज परिसर से जिंदगी के परिसर में प्रवेश करने जा रहे हैं। आपको यह हमेशा याद रखना है कि ‘विश्व-भारती’ का नाम आपके अभिभावक के नाम की भांति ही हमेशा-हमेशा के लिए जुड़ गया है
उन्होंने कहा, “मेरी कामना है कि जैसे कभी गुरुदेव ने मनुष्यता को ‘विश्व-भारती’ जैसा संस्थान दिया था, उसी तरह ‘विश्व-भारती’, मनुष्यता को एक ‘गुरुदेव’ प्रदान करे। गुरुदेव जैसा वह व्यक्तित्व कहीं और से नहीं, बल्कि आपके बीच से ही निकलकर सामने आएगा और मानवता की आगे की राह प्रशस्त करेगा।”