फर्रुखाबाद। जनपद में गंगा दशहरा के अवसर पर अलग-अलग गंगा स्नान करने पांचाल घाट आये गंगा भक्तों में पांच लोग डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों के साथ तीन शवों नदी से बरामद कर लिए हैं जबकि अभी भी दो युवकों की गोताखोर तलाश कर रहे हैं।
कादरी गेट थाना के गंगातट पांचाल घाट पर फतेहगढ़ कोतवाली के नेकपुर कला निवासी अनुज (20) दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आया था। यहां पर नहाते समय गहरे पानी में जाने से अनुज डूब गया। आनन-फानन में गोताखोरों को बुला कर तलाश कराई गई। गोताखोर ने अनुज के शव को बरामद कर लिया।
पड़ोसी जिला कन्नौज के छिबरामऊ निवासी विजय अपनी मां के साथ गंगा स्नान करने आया था। विजय की नदी में डूबने से मौत हो गई। गोताखोर ने शव को बरामद कर लिया। इसी तरह शमसाबाद में रजत अपने दोस्तों के साथ दाई घाट पर गंगा स्नान करने आया था। गहरे पानी में जाने से रजत की डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाया। गोताखोरों ने रजत को बाहर निकाला और उपचार के लिए पुलिस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी तरह पांचाल घाट पर अभिषेक निवासी नेकपुर अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने पांचाल घाट पहुंचा। स्नान करने के दौरान वह नदी में गहरे पानी में जाने से डूब गया। वहीं विजय निवासी एतमातपुर अपने परिजन के साथ गंगा स्नान करने पांचाल घाट आया था। वह भी गंगा में डूब गया। विजय और अभिषेक की गोताखोर तलाश कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था और गोताखोर तलाश में जुटे थे।
तीनों मृत श्रद्धालुओं के शव पुलिस ने कब्जे में ले लिए है।दो की तलाश जारी है। सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने बताया कि 5 लोग गंगा नहाते समय डूब गए थे। तीन के शव बरामद हो गए है।दो की गोता खोर तलाश कर रहे।