चंडीगढ़। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने शुक्रवार को भारत छोड़ दिया। वह चंडीगढ़ हवाई अड्डे से यूके के लिए रवाना हुए हैं। मूसेवाला के माता-पिता की वापसी कब होगी, इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया है।
सिद्धू मूसेवाला के पिता ने कुछ दिन पहले पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर देश छोड़ने का ऐलान किया था। मूसेवाला के पिता के इस कदम से पंजाब पुलिस की कार्रवाई फिर से विवादों में आ गई है।
29 मई को मानसा के एक गांव में सिद्धू मूसेवाला की गोलियां बरसा कर हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और कनाडा में बैठे गोल्डी बराड़ ने ली थी। इस मामले में पुलिस 25 से अधिक गिरफ्तारियां कर चुकी है। विदेश में बैठे गोल्डी बराड़ को पंजाब लाने की तैयारियां भी चल रही हैं।
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह व माता चरण कौर बेटे को इंसाफ दिलाने की बात कर रहे हैं। दो महीने पहले गैंगस्टर टीनू के पुलिस कस्टडी से भाग जाने के बाद बलकौर सिंह ने कहा था कि उनका हौसला टूटता जा रहा है। जिसके बाद बलकौर सिंह ने घोषणा भी कर दी थी कि वह सरकार को एक महीने का समय देते हैं। अगर उनके बेटे को इंसाफ मिल गया तो ठीक, अन्यथा वह अपने बेटे की शिकायत वापस लेकर विदेश चले जाएंगे।
बलकौर सिंह शुक्रवार सुबह पत्नी समेत चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। यहां कागजी कार्यवाही की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह यूके के लिए रवाना हो गए।
विदेश जाने को लेकर बलकौर सिंह ने तो कुछ नहीं कहा, अलबत्ता मूसेवाला के प्रशंसकों ने कहा है कि 24 नवंबर को इंग्लैंड की पार्लियामेंट के बाहर फैंस की तरफ से साइकिल रैली का आयोजन किया गया है। जिसमें भाग लेने के लिए बलकौर सिंह और चरण कौर इंग्लैंड के लिए रवाना हुए हैं।
cycle rally
वाराणसी। ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ अभियान में शनिवार को 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने साइकिल रैली निकाली। कमांडेंट अनिल कुमार बृक्ष के नेतृत्व में जवानों ने बटालियन के मुख्यालय से सारनाथ चौराहे तक साइकिलिंग कर लोगों से दिनभर में थोड़ा समय निकाल कर जरूर साइकिल चलाने का आह्वान किया। रैली में शामिल जवान और अफसर लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के साथ साइकिल चलाने, दौड़ने एवं वॉकिंग करने के लिए प्रेरित किया। जवानों ने संदेश दिया कि बीमारियों से बचना है तो टहलें या दौड़ें इससे आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा।
हृदय, पेट, फेफड़े, खून से सम्बन्धित बीमारियों से भी बचाव होगा। कमांडेंट अनिल कुमार बृक्ष ने बताया बटालियन मुख्यालय से फिट इंडिया फ्रीडम रन साइकिलिंग की शुरुआत की गई। रैली में शामिल जवान बटालियन मुख्यालय से सारनाथ तक गये। इसके बाद लौटकर वापस मुख्यालय आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर सीआरपीएफ ने पूरे अक्टूबर महीने फिट इंडिया मूवमेंट को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें सीआरपीएफ के जवानों व उसके परिवार को प्रतिदिन 10 किलोमीटर का डिस्टेंस वॉकिंग, रनिंग करना था। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया फ्रीडम रन का ये कार्यक्रम लोगों के फिट रहने के लिए है। अभियान में द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा, उप कमांडेंट उमाकांत ओझा, सहायक कमांडेंट हनुमान सिंह, सुजय यादव, निरीक्षक कमलेश कुमार, निरीक्षक वेद प्रकाश त्रिपाठी आदि भी शामिल रहे।