नई दिल्ली । कांग्रेस मुख्यालय में सोमवार सुबह 10 बजे से पार्टी अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान शुरू होने से पहले कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने मतदान बूथ का निरीक्षण किया। उसके बाद वोटिंग शुरू हुई। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर मैदान में हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज सभी राज्यों के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मतदान हो रहा है। जो कांग्रेस मतदाता भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं, उनके लिए वहां पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुनने के लिए देशभर के 9,000 से अधिक प्रतिनिधि सोमवार को मतदान करेंगे। 18 अक्टूबर तक सभी राज्यों से मतदान पेटी कांग्रेस मुख्यालय लाए जाएंगे। 19 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। मतदाताओं को मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में से किसी एक का चुनाव करना है। चुनाव प्रचार के दौरान शशि थरूर कई बार चुनाव में समान अवसर नहीं दिए जाने की शिकायत कर चुके हैं।
मतगणना के बाद कांग्रेस को करीब ढाई दशक बाद गांधी परिवार से बाहर का अध्यक्ष मिलेगा। चुनाव के लिए दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय समेत पूरे देश में 65 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी के इस्तीफे की वजह से अध्यक्ष पद खाली है। झारखंड के विधायक केएन त्रिपाठी ने पर्चा भरकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की, लेकिन उनका नामांकन जांच के बाद खारिज कर दिया गया।