नागपुर। कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री खुद को ओबीसी कहते हैं। वहीं सवाल पूछने पर कहते है कि देश में एक ही जाति है, वह है गरीबी। यदि देश में गरीबी ही जाति है तो फिर मोदी ओबीसी कैसे हो सकते हैं।
कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी यहां कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार चलाने का काम केवल 90 आईएएस अधिकारी करते हैं। यही अधिकारी सरकार की नीतियां और बजट बनाने का काम करते है। राहुल ने बताया कि इन 90 लोगों में केवल तीन अधिकारी ही ओबीसी हैं। अगर यह हकीकत है तो ये सरकार खुद को ओबीसी वालों की सरकार कैसे कहलवाती है। राहुल गांधी ने मांग की कि सरकार स्पष्ट करे कि भारत की सबसे बड़ी कंपनियों में कितने ओबीसी और दलित हैं। आजादी से पहले भारत में ब्रिटिश शासन और राजशाही थी। उस समय राजा जो कहता वही सत्य होता। फिलहाल देश में हालात वैसे ही हैं।
राहुल ने आलोचना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसी बात नहीं सुनना चाहते। राहुल ने कहा कि पहले देश में छुआछूत जैसी कुरीतियां थीं। मौजूदा समय में देश को उसी रास्ते पर ले जाया जा रहा है। राहुल ने ऐलान किया कि यदि कांग्रेस को केंद्र में सत्ता मिली तो देश में जातिगत जनगणना करवाई जाएगी।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की कार्यप्रणाली ऊपर से आए आदेशों का पालन करने की है, लेकिन कांग्रेस पार्टी में एक साधारण कार्यकर्ता भी नेताओं का विरोध कर सकता है। कई कार्यकर्ता मुझसे कहते हैं कि यह हमें स्वीकार्य नहीं है. मैं उनकी बात सुनता हूं। राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस में असली लोकतंत्र है। देश आजाद होने के बाद कांग्रेस ने अमीर-गरीब, सवर्ण-दलित सभी को वोट देने का अधिकार समान रूप से दिया। देश में सभी को बराबरी में बैठने का हक दिया। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने अंग्रेजों के साथ-साथ उस जमाने के रजवाडों के खिलाफ भी संघर्ष किया था। देश में व्याप्त छुआछूत कांग्रेस ने समाप्त करने का काम किया। राहुल ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में देश को दोबारा पीछे पहुंचाने का काम चल रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा सरकार की अग्निवीर योजना की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अग्निवीर योजना के जरिए देश के युवाओं का मजाक बनाया है।
Congress Foundation Day
नई दिल्ली/नागपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है। यह इंडिया और एनडीए की लड़ाई है। कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को नागपुर में पार्टी के लोगों को राहुल गांधी संबोधित कर रहे थे।
राहुल ने भाजपा के एक सांसद का हवाला देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में गुलामी चलती है। भाजपा में आदेश का पालन करना जरूरी है। उन्होंने महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के भाजपा में रहते हुए प्रधानमंत्री से जीएसटी को लेकर पूछे गए सवाल का जिक्र करते हुए बीजेपी पर हमला बोला। राहुल ने कहा कि कांग्रेस में नीचे से आवाज आती है। हम सभी की सुनते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में लोकतंत्र है और यहां सभी को बोलने की आजादी है।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का उद्देश्य जन-कल्याण और भारत के लोगों की उन्नति है। हम इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
खड़गे ने गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के 139वें स्थापना दिवस के अवसर ध्वज फहराने के बाद कहा कि हम संसदीय लोकतंत्र पर आधारित ऐसे भारत में विश्वास रखते हैं जिसमें समानता हो, बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए अवसर हो और संविधान में रचे-बसे राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों का पालन हो।
खड़गे ने कहा कि हमें गर्व है कि पिछले 138 वर्षों से हम पूरी ईमानदारी के साथ ऐसे भारत के निर्माण में संघर्षरत हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर मेरी ओर से हर एक भारतीय को हार्दिक शुभकामनाएं। आज कांग्रेस स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी मुख्यालय में एक समारोह का आयोजन किया गया।
इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से साथ-साथ सांसद राहुल गांधी, पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, सांसद राजीव शुक्ला, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित अन्य पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आज कांग्रेस नागपुर में एक बड़ी रैली का आयोजन भी करने जा रही है।