नई दिल्ली । संसदीय दल के बैठक के बाद लोक जनशक्ति पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने बुधवार को स्पष्ट कर दिया कि वे अपने पिता की कर्मभूमि बिहार के हाजीपुर से ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसके लिए उन्हें हर चुनौती स्वीकार है। चिराग पासवान ने कहा कि अगर उनके खिलाफ उनके चाचा पशुपतिनाथ पासवान भी आते हैं तो उनका डटकर मुकाबला करेंगे।
यहां पर मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि यह निश्चित है कि मैं हाजीपुर से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का एनडीए का उम्मीदवार बनूंगा। यह सीट मेरे पिता की कर्मभूमि है। चिराग ने यह भी कहा कि अगर उनके चाचा पशुपति कुमार पारस वहां से चुनाव लड़ना चाहते हैं तो इसका निर्णय अंततः उन्हें ही लेना होगा। मैं कभी किसी चुनौती से नहीं डरा।
चिराग पासवान ने कहा कि अब हम बिहार की ओर रुख करेंगे। आने वाले समय में हम बड़ी लड़ाई की ओर बढ़ रहे हैं। गठबंधन के तहत 400 से ज्यादा सीटें जीतेंगे, हमें इस बात का भरोसा है। चिराग ने कहा कि मुझे लगता है कि अगले दो-चार दिनों में सभी 5 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर सहमति बन जाएगी। अगले चार-पांच दिन में नामों की घोषणा कर दी जाएगी ।
CHIRAG PASWAN
पटना (बिहार)। लोकसभा चुनाव में बिहार में सीट बंटवारे को लेकर नाराज चल रहे केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। पशुपति पारस ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में यह घोषणा की है।
मोदी सरकार में मंत्री पशुपति कुमार पारस भतीजे चिराग पासवान को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से गठबंधन में महत्व और बिहार में लोकसभा की पांच सीट दिये जाने से बेहद नाराज हैं। भाजपा ने पारस के दल को कोई भी सीट नहीं दी है।
बिहार में नहीं मिली कोई सीट
इस्तीफा देते हुए पारस ने कहा है कि उनके और उनकी पार्टी के साथ नाइंसाफी हुई है। उन्हें एक भी सीट नहीं दी गई है। पशुपति कुमार पारस आज शाम चार बजे दिल्ली से पटना के लिए रवाना होंगे। बताया गया है कि पशुपति कुमार पारस और उनकी पार्टी के नेता राजद के संपर्क में हैं लेकिन यहां भी बात बनने की संभावना बेहद कम है लेकिन राजनीति में कभी भी कुछ भी संभव है।
नई दिल्ली। बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा की गई। सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि लोकसभा सीटों को लेकर एनडीए में सहमति बन गई है। भाजपा 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) 16 सीटों पर, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 5 सीटों पर लड़ेगी, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे।
विनोद तावड़े ने कहा कि बिहार में 40 लोकसभा सीटों पर एनडीए पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगा और सभी सीटें जीतेगा भी। उन्होंने कहा कि भाजपा 17 सीटों पर लड़ेगी। जिसमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, मधुबनी, अरैया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, बेगूसराय, नवादा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर और सासाराम शामिल हैं।
जदयू लोकसभा की 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। जिसमें वाल्मीकि नगर, सीतामढ़ी, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, माधेपुरा, गोपालगंज, बांका, मुंगेर, नालंदा, जहानाबाद, सिवान शामिल हैं।
नई दिल्ली । बिहार में एनडीए के बीच सीट बंटवारा लगभग फाइनल हो गया है। सूत्रों के अनुसार बीजेपी ने चिराग पासवान गुट की एलजेपी को पांच सीटें दी हैं। चिराग के चाचा पशुपति पारस को एक भी सीट नहीं मिलेगी। सूत्रों ने बताया कि वैशाली, समस्तीपुर और हाजीपुर सीट चिराग पासवान की पार्टी के हिस्से में आई है। चिराग पासवान खुद हाजीपुर से चुनाव लड़ेंगे।
सूत्रों के मुताबिक बीजेपी बिहार में 17 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है तो जेडीयू 16 सीट पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा और मांझी की पार्टी को एक-एक सीट मिल सकती है। सीट बंटवारे पर औपचारिक ऐलान जल्द किया जा सकता है।
चिराग पासवान ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ सीट बंटवारे के फार्मूले को अंतिम रूप दे दिया है। पासवान ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात के बाद यह घोषणा की। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘भाजपा ने मेरी सभी चिंताओं का समाधान किया है। मैं संतुष्ट हूं। उन्होंने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच सीटों के तालमेल पर फैसला हो गया है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।
अपने चाचा पशुपति पारस के नेतृत्व वाले लोजपा गुट के भविष्य के बारे में पूछे जाने पर चिराग पासवान ने कहा कि यह मेरी चिंता का विषय नहीं है। इससे पहले, उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राजग के सदस्य के रूप में आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी के साथ बैठक में हमने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए बिहार में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘उचित समय पर इसकी जानकारी दी जाएगी।