लखनऊ । मंत्रियों का घर-घर दौरा, कई मंत्रियों का वहीं पर डेरा डालना, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बावजूद समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुधाकर सिंह की बम्पर जीत ने सभी भाजपा के दिग्गजों को सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। दारा सिंह चौहान की हार भाजपा को पहले भी दिख रहा था, जिसके कारण भाजपा ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था। इसके बावजूद वह जीत में तब्दील करना तो दूर वोटों के अंतर को भी कम नहीं कर सकी। इससे एक तरफ समाजवादी पार्टी आगे भी इसी रणनीति पर चलने का विचार कर रही है, वहीं भाजपा अपने रणनीति की समीक्षा करने में जुट गयी है।
इस उपचुनाव में ओम प्रकाश राजभर के राजनैतिक कॅरियर को भी धक्का लगा है। उन्होंने भी वहां जाकर दारा सिंह चौहान को जीतने के लिए डेरा डाल रखा था लेकिन उसका भी कोई असर देखने को नहीं मिला। अपनी बिरादरी पर मजबूत पकड़ रखने वाले ओम प्रकाश राजभर को अपनी बिरादरी के लोगों का साथ अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिला। इससे ओम प्रकाश राजभर बड़े दलों पर अब अपना दबाव पहले जैसा नहीं बना पाएंगे।
स्थिति यह है कि यह जीत घोसी में अब तक के किसी भी उम्मीदवार से ज्यादा मतों के अंतर से हुई है। सुधाकर सिंह जहां 42,759 मतों के अंतर से जीते हैं। दारा सिंह पिछली बार सपा से 22,216 मतों के अंतर से भाजपा उम्मीदवार से जीते थे। हालांकि दारा सिंह चौहान की स्थिति वहां पहले से ही खराब थी।
उधर घोसी में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि दारा सिंह चौहान किसी दल के नहीं हैं। ये सिर्फ अपना उल्लू सीधा करने के लिए दल बदलते रहते हैं। इस बात को समाजवादी पार्टी हर मतदाता को समझाने में सफल रही। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की कमी दिखी। आखिर कार्यकर्ताओं की जमीर आज भी जिंदा है और वे किसी पार्टी के साथ विचारधारा के कारण जुड़े हैं। उन्हें यह हजम नहीं हो पा रहा था कि जिस नेता के खिलाफ अभी डेढ़ साल पहले प्रचार किया, उसके साथ अब कैसे प्रचार करें।
BYE ELECTION
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की रिक्त सीट पर हुए उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार डॉ. दिनेश शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। यह सीट भाजपा के राज्यसभा सांसद हरद्वार दूबे के निधन से रिक्त हुई थी।
हरद्वार दुबे का 26 जून को निधन हो गया था। राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल नवम्बर, 2026 तक था। निर्वाचन आयोग ने 29 अगस्त को ही इस सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की थी।
डॉ. दिनेश शर्मा ने पांच सितम्बर को भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया था। चूंकि उनके खिलाफ किसी और ने इस पद के लिए पर्चा दाखिल नहीं किया था, इसलिए उनका निर्विरोध निर्वाचित तय था। डॉ. शर्मा उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में वह उप्र विधान परिषद के सदस्य हैं और इनका कार्यकाल 30 जनवरी 2027 तक है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान देश में मार्च में 33 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में अपनी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के इकलौते उम्मीदवार होंगे। पीटीआई उपाध्यक्ष एवं पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने रविवार शाम यहां संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की।
कुरैशी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान सभी 33 सीटों पर उपचुनाव लड़ेंगे। यह फैसला खान की अध्यक्षता में रविवार को जमान पार्क लाहौर में हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में किया गया। पाकिस्तान निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि नेशनल असेंबली की 33 सीट पर उपचुनाव 16 मार्च को होंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल अप्रैल में अविश्वास प्रस्ताव के बाद सत्ता से बेदखल किए गए खान की पार्टी के सांसदों ने पाकिस्तान संसद के निचले सदन (नेशनल असेंबली) को छोड़ दिया था। पिछले महीने अध्यक्ष ने पीटीआई के 35 सांसदों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए थे। इसके बाद आयोग ने उन्हें गैर-अधिसूचित कर दिया।
- महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अंधेरी पूर्व की अपनी सीट रखी बरकरार
- बिहार की मोकामा सीट पर राजद, तेलंगाना की मुनुगोडे सीट पर टीआरएस विजयी
नई दिल्ली,। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा समेत छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने चार सीटें जीती हैं। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अंधेरी पूर्व सीट पर जीत बरकरार रखी है। बिहार में मोकामा सीट पर राजद और ओडिशा की धामनगर सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। तेलंगाना की मुनुगोडे सीट पर टीआरएस उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। टीआरएस को भाजपा से कड़ी टक्कर मिली।
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, हरियाणा, ओडिशा और तेलंगाना की कुल सात सीटों पर उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को वोटिंग हुई थी, जिसकी मतगणना रविवार को हुई। बिहार में दो सीटों पर और अन्य पांच राज्यों में एक-एक सीट पर उपचुनाव हुए। महाराष्ट्र की अंधेरी पूर्व विधानसभा सीट का चुनाव परिणाम अजीब रहा। यहां शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के उम्मीदवार के बाद नोटा को सबसे अधिक मत मिले।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड शाम 07.45 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार की गोपालगंज सीट पर भाजपा उम्मीदवार कुसुम देवी ने राजद के मोहन गुप्ता को 1789 मतों से हराया। भाजपा उम्मीदवार कुसुम देवी को 70,032 और मोहन प्रसाद गुप्ता को 68,243 मत मिले। इस सीट पर तीसरे स्थान पर एआईएमआईएम के अब्दुल सलाम रहे। उनको कुल 12,212 मत मिले। बिहार की मोकामा सीट पर राजद उम्मीदवार एवं बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने भाजपा उम्मीदवार सोनम देवी को 17,007 मतों से हराया। नीलम देवी को 79,946 और सोनम देवी को 62,939 मत मिले। वहीं, उत्तर प्रदेश की लखीमपुर जिले की गोला गोकर्णनाथ सीट पर भाजपा उम्मीदवार अमन गिरि विजयी हुए हैं। अमन गिरि ने सपा के विनय तिवारी को 34,298 मतों से हराया। अमन गिरि को एक लाख 24 हजार 810 और सपा के विनय तिवारी को 90 हजार 512 मत मिले।
हरियाणा की आदमपुर सीट से भाजपा के युवा चेहरा भव्य बिश्नोई ने कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश को 15,714 मतों से हराया। आदमपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार भव्य विश्नोई को 67,376 और कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश को 51,662 मत मिले। इस सीट पर इनेलो तीसरे और आम आदमी पार्टी (आप) चौथे स्थान पर रही। इनेलो उम्मीदवार कुर्दा राम नंबरदार को 5,241 और आप उम्मीदवार सतिंदर सिंह को 3,413 मत मिले। उपचुनाव में 22 उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा की जीत के बाद केवल कांग्रेस उम्मीदवार ही अपनी जमानत बचा पाए जबकि अन्य 20 की जमानत जब्त हो गई।
महाराष्ट्र की अंधेरी पूर्व सीट पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार ऋतुजा रमेश लटके ने जीत दर्ज की है। ऋतुजा लटके को 66,247 वोट मिले, जबकि नोटा के पक्ष में 12,776 मत पड़े। नोटा दूसरे नंबर पर रहा। वहीं, तेलंगाना की मुनुगोडे सीट पर टीआरएस उम्मीदवार को इस बार भाजपा से कड़ी टक्कर मिली है। मतगणना में सत्तारूढ़ टीआरएस उम्मीदवार ने चौथी राउंड से अपनी बढ़त कायम रखी। मतगणना के 15 चरण पूरे होने के बाद उम्मीदवार प्रभाकर रेड्डी को 96,598 मत मिले और भाजपा उम्मीदवार कोमेटरेड्डी राजगोपाल रेड्डी को 86,485 मत मिले। कांग्रेस उम्मीदवार पलवई श्राबंती को 23,864 मत मिले। इस प्रकार टीआरएस उम्मीदवार ने भाजपा उम्मीदवार को 10,113 मतों से हरा दिया।
ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सूर्यवंशी सूरज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजद उम्मीदवार अवंती दास को 9,802 मतों से हराया। भाजपा उम्मीदवार को 80,090 और बीजद उम्मीदवार को 70,288 मत मिले। निर्दलीय उम्मीदवार राजेन्द्र दास को 8,122 और कांग्रेस उम्मीदवार बाबा हरेकृष्ण सेठी को 3,533 मत मिले हैं।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ सीट भाजपा विधायक अरविंद गिरि के निधन के कारण रिक्त हुई थी। इस सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस और बसपा ने हिस्सा नहीं लिया। ओडिशा की धामनगर सीट भाजपा विधायक बिष्णु चरण सेठी के निधन के कारण रिक्त हुई थी। भाजपा ने सेठी के बेटे सूर्यवंशी सूरज को उम्मीदवार बनाया था। तेलंगाना की मुनुगोडे सीट पर भाजपा और सत्तारूढ़ टीआरएस ने आक्रामक प्रचार किया। इस सीट पर कांग्रेस विधायक ने इस्तीफा देकर भाजपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा। वहीं, हरियाणा में भजनलाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई के कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के कारण आदमपुर सीट पर उपचुनाव हुआ। आदमपुर सीट पर वर्ष 1968 से भजनलाल परिवार का कब्जा है। बिहार की मोकामा सीट पर इसके पहले भाजपा-नीत राजग का कब्जा था, जबकि गोपालगंज सीट राजद के पास थी। मोकामा सीट से भाजपा पहली बार चुनाव मैदान में थी, क्योंकि इसके पहले पार्टी ने यह सीट अपने सहयोगियों को दे दी थी। वहीं, महाराष्ट्र में अंधेरी पूर्व सीट पर भाजपा और शिवसेना शिंदे गुट ने उम्मीदवार नहीं उतारा था। कांग्रेस और राकांपा ने उद्धव ठाकरे की शिवसेना के उम्मीदवार का समर्थन किया था। जिन सात सीटों पर उपचुनाव हुए उस पर इसके पहले दो-दो सीटों पर भाजपा एवं कांग्रेस का कब्जा था। वहीं, बीजद, राजद और शिवसेना का एक-एक सीट पर कब्जा था।