मास्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कर्च रेल-रोड ब्रिज पर हुए विस्फोट की तुलना आतंकी हमले से की है। उन्होंने कहा कि इसे उड़ाने का षडयंत्र यूक्रेन के खुफिया संगठन ने तैयार किया और अंजाम दिया। उल्लेखनीय है कि रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले 19 किलोमीटर लंबे इस ब्रिज पर शनिवार सुबह: विस्फोट हुआ था। इस दौरान ब्रिज का बड़ा हिस्सा टूटकर समुद्र में गिर गया था।
रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि इसमें यह आतंकी कृत्य है। इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण नागरिक आधारभूत ढांचे को बर्बाद करना था। पुतिन ने यह बात रूसी जांच समिति के अध्यक्ष एलेक्जेंडर बास्त्रीकिन के साथ बैठक करने के बाद कही। इस समिति का गठन घटना के तत्काल बाद किया गया था।
इस बीच रूस ने कर्च रोड-रेल ब्रिज को ठीक कर ट्रेनों का आवागमन सुचारु करने का दावा किया है। सड़क पर हल्के वाहनों का आना-जाना हो रहा है। पुल को हुए नुकसान का आकलन रविवार सुबह गोताखोरों ने किया है
BLAST BRIDGE
कीव । शक्तिशाली विस्फोटक से क्रीमिया के सड़क और रेल पुल पर हुए नुकसान की रूसी गोताखोर जांच करेंगे। यह पुल प्रायद्वीप में मास्को के कब्जे का प्रतीक है और दक्षिणी यूक्रेन में लड़ रहे सैन्य बलों के लिए एक प्रमुख आपूर्ति मार्ग है।
केर्च जलडमरूमध्य पुल पर शनिवार को हुए विस्फोट की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है। रूस ने भी इस विस्फोट के लिए किसी को दोषी नहीं ठहराया है। रूसी उप प्रधान मंत्री मरात खुसनुलिन ने कहा कि गोताखोर रविवार सुबह से सर्वेक्षण का काम शुरू करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि विस्तृत सर्वेक्षण दिन के अंत तक पूरा हो जाएगा। क्रीमिया के रूसी गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में हैं, विस्फोट की घटना अप्रिय है, लेकिन घातक नहीं है। यह कार्रवाई बेशक भावनाएं भड़काने वाली है, इसका बदला लिया जाएगा।
जपरोज्जिया शहर में स्थित यूरोप के सबसे बड़े परमाणु केंद्र पर बीते सप्ताह रूस ने भारी बमबारी की थी। केर्च जलडमरूमध्य पर पुल दक्षिणी यूक्रेन में रूसी सेना के लिए एक प्रमुख आपूर्ति मार्ग है। रूसी अधिकारियों ने बताया कि शनिवार तड़के हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई। पुल के ऊपरी स्तर पर प्रायद्वीप के लिए जा रही 59-वैगन ट्रेन के सात ईंधन टैंकर वैगनों में भी आग लग गई।
विस्फोट के लगभग 10 घंटे बाद सीमित सड़क यातायात फिर से शुरू हो गया और रूस के परिवहन मंत्रालय ने रेल यातायात को फिर से शुरू करने की मंजूरी दे दी। रूस की राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी समिति ने कहा कि पुल के सड़क पर एक मालवाहक ट्रक को विस्फोटक से उड़ा देने से सड़क पुल के दो हिस्से आंशिक रूप से ढह गए थे।
मॉस्को। यूक्रेन पर रूस के हमले के आठवें महीने में युद्ध और तेज और नए तरीके से आगे बढ़ रहा है। यूक्रेन के चार प्रांतों के विलय की रूसी घोषणा के बाद अब यूक्रेन ने रूस में घुसकर बदला लिया है। रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले कर्च पुल को जोरदार धमाके से उड़ा दिया गया है।
स्थानीय समयानुसार शनिवार सुबह छह बजे के आसपास रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले कर्च पुल पर जोरदार धमाका हुआ, जिससे न सिर्फ सड़क मार्ग बल्कि रेलवे पुल भी तबाह हो गया। दरअसल यह पुल क्रीमिया पर रूस के कब्जे का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच इस पुल को उड़ाया जाना रूस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इस पुल के रास्ते ही यूक्रेन में मौजूद रूसी सैनिकों तक विविध प्रकार की सामग्री की आपूर्ति हो रही थी। बताया गया कि धमाका इतना जोरदार था कि कई किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई दी।
पुल पर धमाके के बाद सोशल मीडिया पर इसके वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में एक वाहन पुल पर जाते हुए दिख रहा है, जिसमें अचानक धमाका हो जाता है। एक अन्य वीडियो में पुल से गुजर रही एक मालवाहक रेलगाड़ी के कई टैंक धू-धू कर जल रहे हैं और रेलवे लाइन में भी आग लगी है। साथ ही सड़क मार्ग पुल का एक बड़ा हिस्सा समुद्र में गिरा नजर आ रहा है। धमाके को लेकर यूक्रेन की प्रतिक्रया भी सामने आई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति के प्रमुख सलाहकार मायखाइलो पोडोल्याकी ने ट्वीट कर कहा कि क्रीमिया के इस पुल का उड़ना तो एक शुरुआत है। रूस को यूक्रेन से चुराई गई हर चीज वापस करनी होगी। हर अवैध चीज नष्ट होगी। हर उस चीज को खारिज किया जाएगा, जिस पर रूस ने कब्जा जमाया है।
रूस की नेशनल एंटी टेररिज्म कमेटी की ओर से कहा गया कि धमाका पुल के सड़क मार्ग की ओर हुआ है। एक कार्गो वाहन में धमाके के बाद मालवाहक ट्रेन के सात ईंधन टैंक आग की चपेट में आ गये। धमाका ब्रिज के रोड वे साइड पर हुआ है। विस्फोट कार्गो व्हीकल में हुआ था। इसके बाद फ्रेट ट्रेन के सात फ्यूल टैंक में आग लग गई। ट्रेन क्रीमिया की ओर जा रही थी। क्रीमिया की संसद के अध्यक्ष व्लादिमीर कोंस्टेंटिनोव ने धमाके के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने पुल का ज्यादा नुकसान न होने और जल्द ही मरम्मत हो जाने की बात कही। वहीं क्रीमिया के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने पुल पर हुए हादसे की जांच के आदेश दिये हैं।