नयी दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में टॉप 4 में लड़कियां ही रहीं। बिहार की इशिता किशोर ने टॉप किया है। दूसरे नंबर पर गरिमा लोहिया, तीसरे स्थान पर उमा हरति एन और चौथे पर स्मृति मिश्रा रहीं। इनके नम्बर लगभग 15 दिन बाद जारी किए जाएंगे। इसे आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर चेक किया जा सकता है।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 के अंतिम परिणाम कम चयन सूची में महिलाओं का दबदबा रहा है। जहां शीर्ष 25 में से 14 महिला उम्मीदवार टॉपर बनीं हैं। वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय की तीन छात्राओं ने शीर्ष चार रैंक में जगह बनाई है। अगर टॉप 10 रैंक की बात करें तो इसमें छह महिला उम्मीदवार शामिल हैं। गहना नव्या जेम्स ने ऑल इंडिया रैंक 6 और कनिका गोयल ने देश भर में नौवां स्थान पाकर टॉप 10 में जगह बनाई है।
कार्मिक मंत्रालय के डीओपीटी विभाग द्वारा आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए आयोग द्वारा कुल 933 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। जिनमें से 613 पुरुष उम्मीदवार हैं और 320 महिलाएं हैं। क्रमशः शीर्ष चार रैंक महिला उम्मीदवारों के नाम हैं।
टॉपर इशिता किशोर मूल रूप से बिहार की बेटी हैं। दादा की तरफ से भी और नाना की तरफ से भी। ग्रेटर नोएडा के जलवायु विहार में यह परिवार रहता है, लेकिन इशिता मूल रूप से पटना सिटी की रहने वाली हैं। ननिहाल मूल रूप से सासाराम है। नाना पटना में न केवल रहे, बल्कि एक जमाने में शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी भी थे। इशिता का ननिहाल परिवार लंबे समय तक झारखंड के गुमला में भी रहा।
इशिता के पिता एयरफोर्स में विंग कमांडर थे। इसलिए एयरफोर्स बाल भारती स्कूल से पूरी स्कूली शिक्षा हासिल की है। पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। इशिता जब छोटी थीं, तभी पिता का साया सिर से उठ गया। मां ने इशिता को पढ़ा-लिखाकर इस मुकाम तक पहुंचाया। इशिता की मां ज्योति किशोर ने बताया, ‘मैं बहुत खुश हूं। बेटी इशिता की बहुत अच्छी तैयारी रही है और वो हमेशा इसके प्रति फोकस्ड भी रही है। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार हमेशा इशिता के लिए सपोर्टिव रहा है। सारे लोग बहुत सपोर्ट करते हैं। एक मां के रूप में जो करना चाहिए वो मैंने भी किया।
शीर्ष चार में तीन डीयू की छात्राएं
खास बात यह भी है कि टॉप चार रैंक वाली महिला उम्मीदवारों में तीन दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ीं हैं। इशिता किशोर, दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से अर्थशास्त्र में स्नातक हैं। गरिमा लोहिया किरोड़ीमल कॉलेज डीयू से कॉमर्स में स्नातक हैं। उमा हरथी एन आईआईटी, हैदराबाद से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक हैं। और चौथी टॉपर स्मृति मिश्रा मिरांडा हाउस कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी स्नातक हैं।
नेशन फर्स्ट की भावना के साथ अपना अमूल्य योगदान देंगे सफल अभ्यर्थी : योगी आदित्यनाथ
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने मंगलवार को सिविल सेवा परीक्षा 2022 का रिजल्ट घोषित घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सफल अभ्यर्थियों को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर लिखा, ‘यूपीएससी की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा-2022’ मंल सफल सभी अभ्यर्थियों को बहुत-बहुत बधाई। पूर्ण विश्वास है कि आप सभी ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना, अटूट कर्तव्यनिष्ठा व पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देंगे। आप सभी के उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं।’
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 के अंतिम परिणाम के रैंक धारकों को बधाई देते हुए, केंद्रीय लोक सेवा एवं कार्मिक मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट किया और कहा, नारी शक्ति सबसे अच्छी! बधाई हो इशिता किशोर, गरिमा लोहिया और उमा हरथी एन; यूपीएससी सिविल सर्विस एग्जाम 2022 फाइनल रिजल्ट की शीर्ष तीन टॉपर।
पिछले साल, यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 के अंतिम परिणाम कम चयन सूची में शीर्ष तीन स्थानों पर महिला उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया था। जहां श्रुति शर्मा ने परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की थी, वहीं अंकिता अग्रवाल ने एआईआर 2 हासिल किया था और चंडीगढ़ की गामिनी सिंगला ने रैंक 3 हासिल की थी।