वाशिंगटन । व्हाइट हाउस ने कहा कि इजराइल गुरुवार से उत्तरी गाजा में हमास पर अपने हमले प्रतिदिन चार घंटे के लिए रोकने को तैयार है ताकि आम नागरिकों की निकासी सुनिश्चित हो सके। बाइडन प्रशासन ने कहा कि अमेरिका ने गाजा में आम नागरिकों की एक बार फिर सुरक्षित निकासी के लिए मार्ग प्रशस्त किया है।
राष्ट्रपति जो बाइडन ने सोमवार के आह्वान के दौरान इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से प्रतिदिन संघर्षविराम के लिए कहा था। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि इजराइल ने प्रतिदिन चार घंटे तक हमले रोकने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा कि इजराइल आम लोगों के उन क्षेत्रों से निकलने के लिए एक दूसरा गलियारा भी खोल रहा है, जो हमास के खिलाफ उसके सैन्य अभियान का वर्तमान केंद्र बिंदु है।
बाइडन ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई पर बातचीत के दौरान इजराइल से ‘‘तीन दिनों से अधिक समय तक हमले रोकने’’ के लिए कहा था। हालांकि, उन्होंने कहा कि सामान्य संघर्षविराम की ‘‘कोई संभावना नहीं’’ है।
BIDEN
बाइडन को बेसब्री से इंतजार भारत यात्रा का, जिनपिंग के जी-20 सम्मेलन में शामिल न होने से निराश
वाशिंगटन । भारत में इसी सप्ताह शुरू होने जा रहे जी-20 शिखर सम्मेलन में सहभागिता को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन खासे उत्साहित हैं। उन्होंने कहा है कि वह जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत यात्रा का बहुत बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के जी-20 सम्मेलन में शामिल न होने से निराश हैं।
जी-20 समूह की अध्यक्षता इस वर्ष भारत के पास है और इसी सप्ताह नौ व दस सितंबर को इस समूह का शिखर सम्मेलन भारत की राजधानी दिल्ली में आयोजित हो रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन शिखर सम्मेलन से पहले ही सात सितंबर को भारत दौरे पर पहुंचेंगे। आठ सितंबर को वह भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद नौ और दस सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। भारत दौरे को लेकर पत्रकारों के सवाल के जवाब में जो बाइडन ने कहा कि वह भारत यात्रा का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही कहा कि वे इस बात से निराश हैं कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सम्मेलन में शामिल नहीं हो रहे हैं।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत न पहुंचने की औपचारिक घोषणा हो चुकी है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत नहीं आने की चर्चा चल रही है, लेकिन अब तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। कहा जा रहा है कि शी जिनपिंग की जगह चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग भारत आएंगे। नई दिल्ली में होने वाले शिखर सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज, जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा समेत अन्य नेता शामिल होंगे।
वाशिंगटन। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अमेरिका आगमन पर स्वागत की तैयारी तेजी के साथ शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी चार दिवसीय यात्रा पर यहां 21 जून को पहुंच रहे हैं। अमेरिकी सरकार भी भारत के प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर बेहद उत्सुक है। इस क्रम में शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस के बाहर भारतीय तिरंगा (राष्ट्रीय ध्वज) और अमेरिकी झंडे (देश के राष्ट्रीय ध्वज) को एक साथ लहराया गया।
यह देखकर भारतीय मूल के नागरिक प्रसन्न हैं। वह इसे भारत के सम्मान और गर्व की दृष्टि से देख रहे हैं। उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रधानमंत्री मोदी 23 जून को यहां रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग ऐंड इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर में विभिन्न हिस्सों से पहुंचे आमंत्रित नेताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन भारतीय नेता के सम्मान में दोपहरकालीन भोज की मेजबानी करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका दौरे के प्रथम दिन 21 जून को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय न्यूयॉर्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की अगुवाई करेंगे। 22 जून को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन से वाशिंगटन में उनकी मुलाकात का कार्यक्रम तय है। 22 जून को ही बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडेन भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में आयोजित राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 22 जून को ही अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन में प्रमुख कंपनियों के सीईओ, पेशेवरों, अन्य हितधारकों के साथ बातचीत भी करेंगे।
मॉस्को । यूक्रेन युद्ध समाप्त करने और संकट सुलझाने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों से सैन्य मदद बंद करने की बात कही है। पुतिन का मानना है कि यूक्रेन संघर्ष के पीछे पश्चिमी देशों का हाथ है। लेकिन पुतिन के इस प्रस्ताव के कुछ देर बाद ही अमेरिका ने यूक्रेन को 325 मिलियन डॉलर के नए रक्षा पैकेज का ऐलान कर दिया। इससे साबित होता है कि अमेरिका समेत पश्चिमी देश यूक्रेन के खुद हार मानने तक सैन्य सहायता देना जारी रखेंगे। रूस ने पिछले साल 24 फरवरी को यूक्रेन पर आक्रमण किया था। तब से दोनों देशों के बीच युद्ध जारी है।
पुतिन ने सैन्य संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि दुश्मन किसी भी दिशा में सफल नहीं हुआ। उन्हें भारी नुकसान हुआ है। पुतिन ने बताया कि यूक्रेनी सेना वर्तमान में शाख्त्योर्स्क और वर्मेवका में लगातार हमले कर रही है, लेकिन अग्रिम मोर्चों तक पहुंचने में विफल रही है। कुल मिलाकर, यूक्रेन चार दिशाओं से हमला कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन बड़े पैमाने पर जवाबी हमला कर रहा है। चार जून से यूक्रेनी काउंटर ऑपरेशन के दौरान दुश्मन ने यूक्रेनी सेना ने 160 से अधिक टैंक खो दिए, जबकि हमें 54 टैंक गंवाने पड़े। उनमें से कुछ को मरम्मत कर फिर से इस्तेमाल के योग्य बनाया जा रहा है।
पुतिन ने कहा कि रूस अपने विशेष सैन्य अभियान के जरिए धीरे-धीरे यूक्रेन का असैन्यीकरण करने में लगा है। अगर पश्चिमी देश संघर्ष को हल करना चाहते हैं तो उन्हें कीव को हथियार देना बंद करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम को यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति बंद करने की जरूरत है, अगर वे जारी संघर्ष को हल करना चाहते हैं।
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के एक साल पूरे होने से कुछ दिन पहले आज (मंगलवार) संसद से देश को संबोधित किया। पुतिन ने कहा कि डोनबास में हमने बहुत कुछ गंवाया है। तब भी डोनबास और लुहांस्क में आखिरी दम तक हार नहीं मानी। पुतिन ने इस जंग में नाटो के बढ़ते दखल पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नाटो ने यूक्रेन को युद्ध के लिए उकसाया।
राष्ट्रपति ने कहा कि पश्चिमी शक्तियों के हस्तक्षेप की वजह से हम आगे बढ़े। जेलेंस्की को बात करने का अवसर दिया। मगर नाटो ने यूक्रेन को बरगलाया और उकसाया। यूक्रेन ने दुनिया को युद्ध में धकेला है। इस युद्ध का आपसी बातचीत से ही हल निकलेगा। पश्चिमी देशों से परहेज करते हुए यूक्रेन बातचीत की पहल करे तो बेहतर होगा।
पुतिन ने कहा कि रूस ने शांति के लिए हर संभव कोशिश की है। रूस आने वाली पीढ़ियों को जंग से बचाना चाहता है। हमारा प्रण है कि देश को बचाकर रखा जाएगा। राष्ट्रपति ने यूक्रेन युद्ध पर साथ देने के लिए नागिरकों का आभार जाताया। उन्होंने कहा कि रूस पश्चिम के हर नापाक मंसूबे को विफल करते हुए आक्रमण को और तेज करेगा।
उन्होंने कहा, रूस किसी की जान नहीं लेना चाहता। वह चाहते हैं शांतिपूर्ण तरीके से इस युद्ध का हल निकाला जाए। पश्चिम ने दुनिया में दहशत फैलाई। यूक्रेन को अमेरिका और यूरोप जितने हथियार देंगे जंग उतनी ही चलेगी। इस युद्ध ने कई परिवारों को बरबाद किया है। जेलेंस्की ने अपने नागरिकों को धोखा दिया है। पुतिन ने आरोप लगाया कि पश्चिम ने शांति प्रस्तावों पर बात नहीं बनने दी। पश्चिमी देशों को रूसीफोबिया हो गया है। युद्ध के मैदान में रूस को हराना इतना आसान नहीं होगा। अमेरिका समस्या के समाधान का पक्षधर नहीं है। पश्चिम देश रूस के टुकड़े करना चाहते हैं। जंग के लिए ट्रिलियन डॉलर दिए जा रहे हैं। अमेरिका ने सीरिया और इराक में जो खेल खेला है, वह चाहता है वैसे ही वह रूस के साथ खेले।
बाइडेन और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की की वाशिंगटन में मुलाकात , रूस के खिलाफ लड़ने के लिए मांगी मदद
- अमेरिका ने यूक्रेन के लिए 1.85 बिलियन अमेरिकी डॉलर के नए सैन्य सहायता पैकेज की घोषणा की
- रूस आक्रमण के तीन सौ दिन बाद ज़ेलेंस्की की पहली विदेश यात्रा
वाशिंगटन/कीव । रूस से युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार यूक्रेन से बाहर किसी विदेश यात्रा पर निकले राष्ट्रपति वालोदिमीर ज़ेलेंस्की बुधवार को वाशिंगटन पहुंचे। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात की। इस मुलाकात में जेलेंस्की ने रूस के आक्रमण के खिलाफ यूक्रेन की मदद के लिए बाइडेन को धन्यवाद दिया और उन्हें असली हीरो बताया। रूस से लड़ने के लिए अमेरिका ने यूक्रेन को 1.85 बिलियन अमेरिकी डॉलर के नए सैन्य सहायता पैकेज की भी घोषणा।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की बुधवार को विशेष विमान से अमेरिका पहुंचे। वाशिंगटन में अमेरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी ने जेलेंस्की का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद व्हाइट आऊस में ओवल हाऊस में दोनों राष्ट्रपतियों की वार्ता शुरू हुई। जेलेंस्की ने कहा कि वह रूस के विनाशकारी आक्रमण के खिलाफ यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति जो बाइडेन को धन्यवाद देते हैं।
वार्ता के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्ववीपक्षीय संबंधों के अलावा यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद वहां के बेहद खराब हालात और मानवीय हालात पर चर्चा हुई। इस अवसर पर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को यूक्रेनी सैन्य अधिकारी का एक पदक भेंट किया। जेलेंस्की ने मदद के अमेरिकी कांग्रेस और नागरिकों को उनके समर्थन के लिए सभी यूक्रेनी नागरिकों की तरफ से धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि यह विश्वास करना मुश्किल है, इस 300 दिनों के दौरान पुतिन ने एक राष्ट्र के रूप में यूक्रेन के अधिकारों पर क्रूर हमला किया है, जिसमें निर्दोष यूक्रेनी लोगों को सिर्फ डराने के लिए यह हमला किया गया है।
इससे पहले ज़ेलेंस्की के राजनीतिक सलाहकार माईखाइलो पोडोलीक ने कहा था कि राष्ट्रपति की यात्रा, 300 दिन पहले रूस द्वारा आक्रमण करने के बाद से उनकी पहली विदेश यात्रा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कीव और वाशिंगटन के बीच गहरे विश्वास को यह यात्रा दिखाती है और उन्हें यह पता है कि कीव को किन हथियारों की आवश्यकता है। यात्रा से पहले डोलीक ने कहा है कि हमें मिसाइल डिफेंस सिस्टम के साथ ही लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलें चाहिए जिनसे हम रूसी सेना को जवाब दे सकें। वाशिंगटन में व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जान किर्बी के अनुसार बाइडन और जेलेंस्की की वार्ता में कूटनीति और सुरक्षा क्षमताओं को बढ़ाने का मुद्दा प्रमुख होगा।
ज़ेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक बयान में कहा था कि मैं यूक्रेन के लचीलेपन और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए बातचीत की एक श्रृंखला आयोजित करूंगा। उन्होंने कहा कि अगले साल हमें यूक्रेन का झंडा और हमारी पूरी जमीन, हमारे सभी लोगों को आजादी चाहिए।
रूस ने अपनी सेनाओं को बढ़ाने का दिया निर्देश
जेलेंस्की की अमेरिका की यात्रा के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2022 में देश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए बुधवार को उच्च सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में सैनिक नायक की तरह लड़ रहे हैं। उन्हें और ज्यादा आधुनिक हथियार दिए जाएंगे। उनसे वे यूक्रेन में रूस के लक्ष्यों को आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। पुतिन ने रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू को सेनाओं के आकार में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का भी निर्देश दिया। अब रूसी थलसेना में सक्रिय सैनिकों की संख्या बढ़ाकर 15 लाख की जाएगी। पुतिन ने युद्ध क्षेत्र में सरमट की तैनाती करने का ऐलान किया। बुधवार को रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा कि उसे कीव के साथ शांति वार्ता की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहाकि यूक्रेन को पश्चिमी देशों से हथियारों की सप्लाई जारी रहने से संघर्ष ‘गहरा’ होगा।
बाली। इंडोनेशिया के बाली में जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन में भाग लेने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे हैं। इस दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से उनकी पहली मुलाकात हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन खुद चलकर भारतीय प्रधानमंत्री से मिलने उनके पास पहुंचे।
दो दिवसीय जी-20 शिखर सम्मेलन मंगलवार को शुरू हो गया। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और भारत के प्रधानमंत्री मोदी समेत दुनिया की 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों के नेता शामिल हो रहे हैं।
इस दौरान मोदी और सुनक के बीच पहली मुलाकात हुई। भारत के प्रधानमंत्री और भारतीय मूल के ब्रिटिश प्रधानमंत्री के बीच इस मुलाकात को लेकर दोनों देशों में खासी उत्कंठा थी। भारतीय प्रौद्योगिकी उद्यमी नारायणमूर्ति के दामाद ऋषि सुनक हाल ही में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने हैं। मोदी और सुनक के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान सुनक ने कहा कि दुनिया के विकास के लिए भारत जरूरी है। वहीं मोदी ने कहा कि भारत अपनी सकारात्मक भूमिका का निर्वहन करता रहेगा।
जी-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी का जलवा साफ दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन खुद चल कर मोदी से मिलने उनके पास पहुंचे। दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गर्मजोशी से गले लगाया। मोदी व बाइडन को काफी देर तक एक दूसरे से बात करते देखा गया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने मोदी के होटल जाकर उनका स्वागत किया। इंडोनेशिया इस समय जी-20 समूह का अध्यक्ष है और अब भारत के हाथ में अध्यक्षता की कमान आने वाली है। सम्मेलन के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री मोदी और नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रूट के साथ भी बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने इस बहुपक्षीय शिखर सम्मेलन को वैश्विक नेताओं के लिए विविध मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान करने का अद्भुत अवसर करार दिया। भारतीय प्रधानमंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से भी बातचीत की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया। मैक्रों अगले वर्ष की शुरुआत में भारत यात्रा पर आ रहे हैं।
मिलकर निकालें युद्ध रोकने का रास्ता
प्रधानमंत्री मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान खाद्य ऊर्जा सुरक्षा सत्र में भाग लिया। इस सत्र में उन्होंने कहा कि कोरोना और यूक्रेन युद्ध के कारण दुनिया की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। इसके परिणाम स्वरूप पूरी दुनिया परेशान है। संयुक्त राष्ट्र संघ जैसी संस्थाएं भी इन मसलों का समाधान करने में सफल नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में हम सभी को मिलकर यूक्रेन युद्ध रोकने का रास्ता निकालना होगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में युद्धविराम और कूटनीति के रास्ते पर लौटने का रास्ता खोजना जरूरी है। पिछली शताब्दी में विश्व युद्ध के कहर के दौरान तत्कालीन नेताओं ने शांति का रास्ता अंगीकार करने का गंभीर प्रयास किया था। अब आज के नेताओं की बारी है।
भारत की ऊर्जा सुरक्षा महत्वपूर्ण
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वैश्विक विकास के लिए भारत की ऊर्जा सुरक्षा महत्वपूर्ण है। भारत दुनिया की सबसे तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था है। ऊर्जा की आपूर्ति पर किसी भी प्रतिबंध को बढ़ावा नहीं देना चाहिए और ऊर्जा बाजार में स्थिरता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2030 तक हमारी आधी बिजली अक्षय स्रोतों से पैदा होगी। भारत में स्थायी खाद्य सुरक्षा के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। बाजरा जैसे पौष्टिक और पारंपरिक खाद्यान्नों को फिर से लोकप्रिय बनाने की शुरुआत हुई है। बाजरा वैश्विक कुपोषण और भूख को भी दूर कर सकता है।
वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में रासायनिक या सामरिक परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के खिलाफ चेतावनी दी है। युद्ध को शुरू हुए अब छह महीने से अधिक समय बीत चुका है।
बाइडेन ने कहा, मत करो। मत करो। मत करो। आप द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से युद्ध का चेहरा बदल देंगे।
पेले के पूछने के तुरंत बाद बाइडेन की प्रतिक्रिया आई कि अगर पुतिन ने सीमा पार की तो परिणाम क्या होंगे।
बाइडेन ने कहा : आपको लगता है कि मैं आपको बताऊंगा कि क्या मुझे पता है कि यह वास्तव में क्या होगा? बेशक, मैं आपको नहीं बताने वाला हूं। वे जो करते हैं उसकी सीमा के आधार पर यह निर्धारित किया जाएगा कि क्या प्रतिक्रिया होगी। बाइडेन और पेले ने यूक्रेन में युद्ध से परे कई मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें अर्थव्यवस्था और आगामी मध्यावधि चुनाव शामिल हैं।
बाइडेन प्रशासन ने यूक्रेन की सेना को रूस के खिलाफ गति बनाए रखने में मदद करने के लिए 60 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सैन्य सहायता की घोषणा की है।