चण्डीगढ़ । पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन को लेकर चल रही अटकलें समाप्त हो गई हैं। लोकसभा चुनाव के लिए अकाली दल व भाजपा में गठबंधन नहीं होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। पंजाब में अकाली दल व भाजपा के बीच करीब 25 साल का राजनीतिक गठबंधन रहा और दोनों दलों ने राज्य में कई बार सरकार भी बनाई। किसान आंदोलन के दौरान यह गठबंधन टूट गया था। इसके बाद शिरोमणि अकाली दल सुप्रीमो प्रकाश सिंह बादल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृहमंत्री अमित शाह का बादल परिवार से मुलाकात करने से लेकर कई तरह के दूसरे राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद अटकलें लगाई जा रही थी कि पंजाब में एक बार फिर अकाली दल व भाजपा मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
गठबंधन को लेकर अकाली दल व भाजपा नेताओं के बीच कई बार बैठकें भी हुई लेकिन बातचीत सिरे नहीं चढ़ सकी। पिछले करीब एक माह से अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल अपना बिखरा कुनबा समेटने में लगे हुए हैं और अकाली दल छोड़ चुके सभी नेताओं की घर वापसी करवा रहे हैं।
इस बीच मंगलवार को तेजी से बदले घटनाक्रम में भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने वीडियो जारी कर कहा कि भाजपा पंजाब में होने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान सभी 13 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
जाखड़ ने कहा कि अकाली दल के साथ गठबंधन के प्रयास सिरे नहीं चढ़ सके हैं जिसके चलते भाजपा की राजनीतिक मामलों की कमेटी ने यह फैसला लिया है कि पंजाब में अकेले चुनाव लड़ा जाए। जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने किसानों तथा पंजाबियों के हितों में कई बड़े फैसले लिए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने का ऐतिहासिक फैसला भी प्रधानमंत्री मोदी की अगवाई वाली सरकार में ही लिया गया है।
सुनील जाखड़ ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि बहुत जल्द सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। जाखड़ के इस ऐलान के बाद अब पंजाब की राजनीति गरमायेगी। अकाली दल जहां पंजाब बचाओ यात्रा निकालकर पंजाब में अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट कर रहा है वहीं भाजपा भी जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की लामबंदी करेगी।
BHARTIYA JANTA PARTY
नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज अपने उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम अभिनेत्री कंगना रनौत का है। कंगना को बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश के मंडी से टिकट दिया है। चंद्रपुर से बीजेपी उम्मीदवार सुधीर मुनगुंटीवार के सामने कांग्रेस ने पूर्व सांसद सुरेश धानोरकर की पत्नी प्रतिभा धानोरकर को अपना उम्मीदवार बनाया है। पीलीभीत से वरुण गांधी का टिकट कटा है। यहां से जितिन प्रसाद को टिकट दिया गया है। बक्सर से अश्विनी चौबे का टिकट कटा, पश्चिम चंपारण से संजय जायसवाल को टिकट दिया गया है। पुरी से संबित पात्रा को टिकट मिला है। वायनाड से राहुल गांधी से मुकाबला करने के लिए सुरेंद्रन को टिकट दिया गया है।
पूर्वी चंपारण से राधा मोहन सिंह को टिकट दिया गया है तो वहीं बेगूसराय से गिरिराज सिंह को टिकट दिया गया है। उजियारपुर से नित्यानंद को टिकट दिया गया है। रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अरूण गोविल को मेरठ-हापड़ लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधान परिषद सदस्य, विधायक, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य समेत अन्य नेता अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि आज बहुत बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों में कार्य करने वाले नेता हमारे परिवार में शामिल हो रहे हैं। भाजपा एक विचारधारा का समूह है। यह समूह ही हमारी ताकत है। आज हमारी राज्य और केंद्र में सरकार है। हमारी पार्टी बिना किसी भेदभाव के काम करती है। सरकार की नीतियां गरीब और उनके कल्याण के लिए समर्पित हैं। हमसे पहले की सरकारों ने लोगों के साथ भेदभाव किया। हमें आगे बढ़ना है। अगर हमें विकसित राष्ट्र बनना है तो सभी लोग प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ें।
चौधरी ने कहा कि भाजपा परिवार वाद से आगे बढ़कर चलती है। मंच पर बैठे लोग बेहद ही सामान्य परिवार के लोग हैं। यहां कोई भी मंच पर और कोई भी सामने कुर्सियों पर बैठ सकता है। इसलिए सब लोग भाजपा में जुड़ें और मोदी के हाथों को मजबूत करें।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया था। भाजपा उसी नारे को चरितार्थ करते हुए आगे बढ़ रही है। हम लोग जहां भी जाते हैं, माताएं, बहनें, किसान, युवा एक सुर में कहते हैं कि तीसरी बार भी नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। आप सबके आने से पार्टी मजबूत होगी। पार्टी में शामिल होने वालों से अपील है कि सभी लोग प्रदेश की 80 लोकसभा सीटें जितने के लिए काम करें।
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा बहुत अच्छी पार्टी है। पार्टी में शामिल होने वालों का स्वागत है। मैं इतना ही कहना चाहूंगा कि भाजपा में शामिल होने वालों का भविष्य अच्छा है। यहां देर है अंधेर नहीं है। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
बसपा से अच्छे लाल निषाद, सपा बसपा में विधायक रह चुके मधुसूदन, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह, विवेक शर्मा, ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र, ब्लॉक प्रमुख रुदौली अनूप चौधरी, राजरानी वर्मा, दिनेश यादव, लाल सिंह लोधी, महेंद्र राय, नरेंद्र सिंह समेत अन्य नेता शामिल हुए।
भाजपा की सदस्यता लेने के लिए बसपा के बरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अनन्त मिश्रा ‘अंटू’ भी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन किन्हीं कारणों से उनकी ज्वाइंनिंग नहीं हो पायी। पार्टी सूत्रों की मानें तो अंटू मिश्रा दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
आंध्र प्रदेश: टीडीपी और बीजेपी मिल कर लड़ सकते हैं चुनाव , अमित शाह से मिले चंद्रबाबू नायडू
नई दिल्ली। तेलुगु देशम पार्टी अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और आंध्र प्रदेश में एक साथ होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा और क्षेत्रीय पार्टी के बीच गठबंधन की संभावना पर बातचीत की। सूत्रों ने कहा कि दोनों पार्टियां हाथ मिलाने के लिए तैयार हैं लेकिन बहुत कुछ सीट-बंटवारे पर निर्भर करेगा। पिछले कुछ महीनों में दोनों नेताओं के बीच यह दूसरी मुलाकात थी।
गठबंधन में देरी नहीं चाहती टीडीपी
टीडीपी नेताओं ने कहा कि गठबंधन बनाने में अब और देरी फायदेमंद नहीं होगी क्योंकि चुनाव करीब आ रहे हैं और कोई भी अस्पष्टता पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भ्रमित करेगी। अभिनेता पवन कल्याण के नेतृत्व वाली जन सेना पार्टी, जो एनडीए का सदस्य रही है। पहले ही टीडीपी के साथ हाथ मिला चुकी है और भाजपा से भी टीडीपी के साथ गठबंधन करने का आग्रह कर रही है। टीडीपी पहले भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन का हिस्सा थी, लेकिन 2018 में बाहर हो गई थी।
नायडू ने फरवरी में शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा से मुलाकात की थी, जिससे इन अटकलों को बल मिला कि वे गठबंधन की ओर बढ़ रहे हैं, हालांकि अब तक चीजें स्पष्ट नहीं हुई हैं। सूत्रों ने कहा कि दोनों दलों में इस बात पर मतभेद है कि भाजपा राज्य में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जहां उसकी ज्यादा मौजूदगी नहीं है।
राज्य में 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटें हैं और भाजपा आठ से 10 संसदीय क्षेत्रों में चुनाव लड़ने की इच्छुक है। हालांकि, टीडीपी के सूत्रों ने कहा कि गठबंधन की स्थिति में बीजेपी पांच से छह लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, जन सेना तीन और उनकी पार्टी बाकी सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
भाजपा के लिए जो बात जटिल है वह यह है कि मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी संसद में मोदी सरकार के एजेंडे का स्पष्ट रूप से समर्थन करते रहे हैं और अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ उनके अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं। भाजपा पिछले कुछ समय से एनडीए का विस्तार करने के लिए काम कर रही है क्योंकि उसकी नजर अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों में बड़ी जीत पर है।
सत्तारूढ़ दल की नजर मोदी के नेतृत्व में तीसरे कार्यकाल पर है और उसने अपने दम पर 370 सीटें और सहयोगियों के साथ 400 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, ऐसे में भाजपा के भीतर एक विचार है कि उसके एजेंडे के प्रति सकारात्मक रूप से रुचि रखने वाले क्षेत्रीय दलों के साथ हाथ मिलाना मददगार होगा।
ओडिशा में भी बीजेडी से गठबंधन पर चल रही चर्चा
यह घटनाक्रम ऐसे संकेतों के बीच आया है कि भाजपा और बीजू जनता दल ओडिशा में गठबंधन को अंतिम रूप देने की कगार पर हैं क्योंकि दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को अलग-अलग बैठकें कीं और ऐसी संभावना के संकेत दिए।
नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को और बड़ा झटका लग सकता है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और उनके बेटे नकुल भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने बेटे के साथ दिल्ली पहुंच गए हैं।
दिल्ली पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत में भाजपा में शामिल होने के सवाल कमलनाथ ने कहा कि आप लोग इतने एक्साइटेड क्यों हो रहे है। अगर ऐसा कुछ होगा तो सबसे पहले मैं आप लोगों को ही बताऊंगा। सूत्रों के अनुसार कमलनाथ की आज शाम भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हो सकती है।
भाजपा प्रवक्ता और कमल नाथ के पूर्व मीडिया सलाहकार नरेंद्र सलूजा ने भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री और उनके बेटे की एक तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन दिया, “जय श्री राम”। जिसके बाद से अटकलें और तेज हो गई हैं। इस बीच, छिंदवाड़ा से कांग्रेस सांसद नकुल नाथ ने तो अपने प्रोफाइल बायो से ‘कांग्रेस’ शब्द ही हटा दिया है।
माना जा रहा है कि, कमलनाथ के साथ कांग्रेस के 10-12 विधायक भी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस नेता कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि, कल रात मेरी कमल नाथ जी से बातचीत हुई। वो वह व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपना राजनीतिक करियर नेहरू-गांधी परिवार के साथ शुरू किया था। आप उस व्यक्ति से सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी के परिवारों को छोड़ने की उम्मीद नहीं कर सकते हैं। और आपको उनसे ऐसी उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए। उधर कमलनाथ ने भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा जब ऐसा होगा तब बता दिया जायेगा।
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय परिषद की दो दिवसीय बैठक प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आज (शनिवार) शुरू हुई । इसकी पूर्व संध्या (शुक्रवार) पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारत मंडपम में ‘मोदी सरकार की 10 साल की उपलब्धियों’ को रेखांकित करती प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीयमंत्री रविशंकर प्रसाद पार्टी मुख्यालय में 15 फरवरी को संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बारे में विस्तार से जानकारी दे चुके हैं। प्रसाद के अनुसार, इसमें देशभर के लगभग 11,500 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। प्रतिनिधियों में देशभर से पार्टी के पदाधिकारी, वर्तमान और पूर्व सांसद, विधायक और निर्वाचित महापौर शामिल हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उद्घाटन भाषण देंगे। अगले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के साथ बैठक का समापन होगा।
भाजपा नेता प्रसाद के अनुसार, इससे पहले परिषद की बैठकें साल 2014 और 2019 के आम चुनाव से ठीक पहले आयोजित की गई थीं। भाजपा ने 2014 में लोकसभा में बहुमत हासिल किया और पांच साल बाद उससे भी बड़ी जीत हासिल की। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली दो परिषदों की बैठकों में भी अपने विचार रखे थे और अब उन्होंने पार्टी के लिए 370 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य तय किया है जबकि सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए 543 में से 400 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य तय किया है। प्रधानमंत्री के आह्वान को फलीभूत करने के लिए राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया गया है।
लखनऊ। राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश से भाजपा के आठवें उम्मीदवार संजय सेठ ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। गुरुवार को नामांकन का अंतिम दिन था। भाजपा के इस फैसले से आठवीं सीट पर सपा की राह अब आसान नहीं रह गई है।
संजय सेठ ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य समेत प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा के कक्ष में बने निर्वाचन कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि पार्टी के आठों प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे। विधानसभा में हमारे पास दो तिहाई से अधिक बहुमत है।
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव हो रहा है। नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी है। आवश्यक होने पर मतदान 27 फरवरी को होगा और नतीजे भी उसी दिन मतगणना के बाद घोषित कर दिए जाएंगे।
इस चुनाव में भाजपा पहले ही अपनी पार्टी के विधायकों के संख्या बल के हिसाब से सात उम्मीदवारों को मैदान में उतार चुकी है। सभी उम्मीदवारों ने बुधवार को अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया था। वहीं सपा ने अपनी पार्टी के विधायकों की संख्या के हिसाब से तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, लेकिन संजय सेठ के नामांकन करने से सपा की चुनावी गणित गड़बड़ा गई है। संजय सेठ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बेहद करीबी माने जाते थे। वह सपा के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं, लेकिन उन्होंने पाला बदलते हुए भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया।
उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 252, सपा के 108 और कांग्रेस के दो सदस्य हैं। सदन में भाजपा के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के 13 और निषाद पार्टी के 6 विधायक हैं। रालोद के 9, सुभासपा के 6, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के 2 और बसपा का 1 सदस्य है। उप्र में राज्यसभा प्रत्याशी को जीतने के लिए 37 विधायकों के प्रथम वरीयता के वोट चाहिए।
नई दिल्ली . बिहार में जारी सियासी उठापठक के बीच शनिवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचे। इस दौरान लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने भी दोनों नेताओं से यहीं पर मुलाकात की।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपनी पार्टी की ओर से चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज बिहार में क्या हो रहा है, ये जानना जरूरी था। इसी मुद्दे पर उन्होंने आज अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ बैठक की है। उन्होंने बिहार को लेकर अपनी चिंताएं उनके सामने रखी हैं। कई मुद्दों पर आश्वासन मिला है। गठबंधन को लेकर स्थिति काफी सकारात्मक है। आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। उसके बाद हमारी पार्टी कोई स्टैंड लेगी। हम आज एनडीए का हिस्सा हैं।
उल्लेखनीय है कि ऐसी खबरें आ रही हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर पाला पलटकर भाजपा के साथ आ सकते हैं। वर्तमान में वे राजद के साथ राज्य में सरकार चला रहे हैं। चिराग की पार्टी ने पिछले चुनावों में नीतीश की पार्टी जनता दल (यू) के खिलाफ मोर्चा खोला था और विरोध में चुनाव लड़ा था।
लखनऊ। शाहजहांपुर की ददरौल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक मानवेंद्र सिंह का दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। 70 साल के बीजेपी विधायक लम्बे समय से लिवर की बीमारी से ग्रसित थे और उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। मानवेंद्र सिंह शाहजहांपुर की ददरौल विधानसभा सीट से विधायक थे।
लंबे समय से थी लिवर की बीमारी
बता दें कि मानवेंद्र सिंह शाहजहांपुर जिले की ददरौल विधानसभा से दूसरी बार भाजपा के टिकट पर विधायक बने थे। मानवेंद्र के बेटे अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता का आज सुबह दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। मानवेंद्र सिंह ने 70 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। वह लिवर की समस्या से लंबे समय से पीड़ित थे।
गौरतलब है कि मानवेंद्र सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में रहे और 2017 में भाजपा में आए और विधानसभा का चुनाव लड़ा। इसके बाद साल 2022 में भी भाजपा की टिकट पर उन्होंने ददरौल विधानसभा से चुनाव लड़ा और दूसरी बार भी विजय हासिल की। विधायक मानवेंद्र के देहांत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुये ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, “उत्तर प्रदेश के ददरौल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री मानवेंद्र सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति!”
कोलकाता । राम मंदिर उद्घाटन को लेकर हो रही सियासत के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने एक बार फिर भाजपा को घेरा है। मुर्शिदाबाद में शनिवार को अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राम सारे देशवासियों के लिये एक हैं। धीरे-धीरे राम मंदिर सियासत का मुद्दा बनता जा रहा है। इस पर राजनीति हो रही है, जो ठीक नहीं है।
अधीर रंजन चौधरी ने कहा, मेरा मानना है कि राम जी को घर्म के अंगने से निकाल कर सियासत के अंगने में ले जाया जा रहा है, जबकि राम को राजनीति में नहीं लाना चाहिए। अधीर चौधरी ने कहा कि राम सभी देशवासियों के प्रतीक हैं। हालांकि राम मंदिर के 22 जनवरी को प्रस्तावित उद्घाटन में मिले निमंत्रण को लेकर जब उनसे सवाल पूछा गया तो वह टाल गए।
अधीर रंजन चौधरी ने कश्मीर के मुद्दे पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी घेरा। उन्होंने कहा, “यह सरकार डंके की चोट पर कहा करती थी कि हम पाकिस्तान ऑक्युपाइड कश्मीर को पाकिस्तान से छीन कर लाएंगे। हम चाहते हैं की सरकार इस पर ध्यान दे। वह पीओके को पाकिस्तान से छीनकर लाए और हमें पीओके का सेव खिलाए।”
अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी को लेकर भी अपनी बात कही। सीट बंटवारे और इंडी गठबंधन पर उन्होंने कहा कि यहां की मुख्यमंत्री खुद सवाल उठाएं तो क्या किया जा सकता है। क्या होना है, इसका फैसला हमारा आलाकमान करता है। हम यहां चुनाव में मुकाबला करने के लिए तैयार हैं, चाहे विपक्ष में कोई भी हो। हम एनडीए से लड़ने को तैयार हैं