नई दिल्ली । कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल व महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से जुड़े पैम्फलेट, वेबसाइट और न्याय योद्धा कैंपेन लॉन्च किये।
इस दौरान कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि देश का कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर 9891802024 पर मिस्ड कॉल देकर न्याय योद्धा बन सकते हैं और यात्रा से जुड़ सकते हैं। मीडिया को संबोधित करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ऐतिहासिक बनने जा रही है। इस यात्रा में सभी दलों और संगठनों को आमंत्रित किया गया है। यह कोई राजनैतिक यात्रा नहीं है बल्कि यह आम लोगों की यात्रा है।
वेणुगोपाल ने कहा कि यात्रा इंफाल के पैलेस ग्राउंड से शुरू होनी थी। लेकिन इस ग्राउंड के लिए राज्य सरकार ने अनुमति नहीं दी है। हम कोई अन्य जगह तलाश रहे हैं। हालांकि यात्रा इंफाल से ही शुरु की जाएगी।
BHARAT JODO NYAY YATRA
मणिपुर सरकार ने कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को इजाजत नहीं दी, अब यात्रा थौबल के खोंगजोम से शुरू हो सकती है
नई दिल्ली/इंफाल । मणिपुर की राजधानी इंफाल के पैलेस ग्राउंड से प्रस्तावित कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को मणिपुर सरकार ने इजाजत नहीं दी है। इसके बाद कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ मणिपुर में नए स्थान से शुरू होगी।प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के अनुसार राज्य के थौबल जिले के खोंगजोम से कांग्रेस की यात्रा शुरू हो सकती है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 14 जनवरी को इंफाल के पैलेस ग्राउंड से शुरू होने वाली थी। राज्य में मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मणिपुर सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद इस प्रस्तावित यात्रा की अनुमति नहीं दी है। राज्य सरकार ने इंफाल के पैलेस मैदान पर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के आयोजन का आवेदन खारिज कर दिया है। राज्य सराकर के अनुमति ने देने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अब उनका कार्यक्रम इंफाल के पैलेस ग्राउंड से नहीं, बल्कि मणिपुर के किसी अन्य स्थान से शुरू होगा। वेणुगोपाल ने कहा कि जब हम पूर्व से पश्चिम की ओर अपनी यात्रा शुरू करते हैं, तो मणिपुर से कैसे छोड़ सकते हैं। हम यह यात्रा मणिपुर में किसी अन्य स्थान से शुरू करेंगे। इसकी जानकारी बाद में साझा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मेघचंद्र ने पांच दिन पहले मणिपुर के मुख्य सचिव से इंफाल के पैलेस मैदान से कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को अनुमति देने की मांग की थी। इसके लिए मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने व्यक्तिगत रूप से राज्य के मुख्य सचिव से मुलाकात भी की थी। लेकिन दुर्भाग्य से मणिपुर सरकार ने बुधवार को कांग्रेस का आवेदन खारिज कर दिया है।
इस बीच, मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और विधायक के मेघचंद्र ने राज्य सरकार के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हालांकि, उन्होंने पैलेस मैदान पर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के आवेदन को खारिज कर दिया, लेकिन उन्होंने थौबल जिले के खोंगजोम में एक निजी स्थल को चुना है। वहीं से पार्टी के केंद्रीय नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू होगी। मेघचंद्र ने कहा कि कांग्रेस के अखिल भारतीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 14 जनवरी को झंडा फहराकर यात्रा की शुरुआत करेंगे। रैली में पैदल मार्च और बस यात्रा होगी। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मेघचंद्र ने कहा कि लगभग 6,713 किमी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 14 राज्यों के 85 जिलों को कवर करेगी।
उल्लेखनीय है कि मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में पत्रकारों को बताया था कि राज्य में मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है। ऐसे में इस बात की समीक्षा की जा रही है कि क्या कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को इजाजत दी जा सकती है। सुरक्षा एजेंसियों से मिली रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है। कांग्रेस की प्रस्तावित यात्रा 14 जनवरी को शुरू होगी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लोगो लॉन्च किया। इस लोगो के दो हिस्से हैं। जिस पर लिखा है “भारत जोड़ो न्याय यात्रा, न्याय का हक मिलने तक”।
लोगो को लॉन्च करने के वक्त खड़गे के साथ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी नेता जयराम रमेश व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान खड़गे ने कहा कि यह यात्रा जनता को न्याय दिलाने व उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से हम जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे।
खड़गे ने कहा कि हम महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, मजदूरों की बुरी हालत,अमीर-गरीब के बीच में बढ़ती खाई और जातिगत जनगणना से जुड़े मुद्दों पर जन जागरण करेंगे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी समाज के विभिन्न वर्गों से, संगठनों से बात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे।
राहुल गांधी 14 जनवरी को मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरु करेंगे। यह यात्रा 15 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान राहुल गांधी 67 दिनों में 6713 किमी का सफर तय करेंगे। यात्रा 15 राज्यों के 110 जिले से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी 100 लोकसभा सीटें से होकर महाराष्ट्र के मुंबई में यात्रा पूरी करेंगे।
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि आज की बैठक में सभी नेताओं की सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के मुताबिक यात्रा का नाम ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ किया। उन्होंने कहा भारत जोड़ो यात्रा ने देशभर में जो संदेश दिया, हम उसे इस यात्रा की मदद से आगे बढ़ाएंगे।राहुल गाँधी इस यात्रा के दौरान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय पर अपने विचार जनता के सामने रखेंगे।
जयराम रमेश ने कहा राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4000 किमी. लंबी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली गई थी।’भारत जोड़ो यात्रा’ ने पूरे देश का माहौल बदल दिया था और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी थी।ये यात्रा पार्टी और देश के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 जनवरी को मणिपुर से 6,200 किलोमीटर की ‘भारत न्याय यात्रा’ की शुरुआत करेंगे। यह यात्रा 14 राज्यों के 85 जिलों को कवर करेगी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 14 जनवरी को यात्रा को इंफाल से हरी झंडी दिखाएंगे।न्याय यात्रा देश के लोगों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए होगी।
राहुल गांधी 4 राज्यों को कवर करते हुए 6,200 किलोमीटर की यात्रा करेंगे।”इस बार ‘यात्रा’ का माध्यम बस और पैदल यात्रा होगा। न्याय यात्रा मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों को कवर करेगी।