शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों को जीतने वाले बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने बॉलीवुड में बतौर अभिनेता आज अपने 31 साल पूरे कर लिए हैं। आज ही के दिन यानी 22 नवंबर, 1991 को अजय देवगन की डेब्यू फिल्म फूल और कांटे रिलीज हुई थी। पहली ही फिल्म के लिए अजय देवगन को फिल्म फेयर का बेस्ट मेल एक्टर का अवार्ड मिला और वे रातों-रात स्टार बन गए । पहली फिल्म की सफलता के बाद अजय देवगन ने साल 1992 में रिलीज हुई दूसरी फिल्म ‘जिगर’ से भी दर्शकों की वाहवाही लूटी। इस फिल्म में उनके अपोजिट अभिनेत्री करिश्मा कपूर नजर आईं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और इसके बाद तो अजय को कई फिल्मों के ऑफर मिलने लगे थे।
अजय देवगन की प्रमुख फिल्मों में दिलवाले, सुहाग, गुंडाराज, दिलजले, जान, इश्क, प्यार तो होना ही था, गंगाजल, सिंघम, गोलमाल, फन अनलिमिटेड, तान्हाजी आदि शामिल हैं। अजय देवगन एक शानदार अभिनेता के साथ साथ फिल्म निर्माता और निर्देशक भी हैं। साल 2000 में अजय ने अपना प्रोडक्शन हाउस “अजय देवगन फिल्म्स प्रोडक्शंस” की शुरुआत की और इसके बैनर तले साल 2000 में आई फिल्म राजू चाचा से बतौर निर्माता बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाई। इसके बाद उन्होंने यू मी और हम, ऑल द बेस्ट: फन बेगिंस, बोल बच्चन, सन ऑफ सरदार, सिंघम रिटर्न्स, टोटल धमाल आदि फिल्मों का निर्माण किया। उन्होंने फिल्म ‘यू मी और हम’ और ‘शिवाय’ का निर्देशन व पटकथा लिखी। बहुमुखी प्रतिभा के धनी अजय देवगन ने अपने शानदार अभिनय , मेहनत व प्रतिभा की बदौलत कई उपलब्धियाँ प्राप्त की। वह बॉलीवुड के सबसे प्रतिभाशाली व प्रभावशाली अभिनेताओं में से एक माने जाते हैं। साल 2016 में भारत सरकार ने मनोरंजन जगत में दिए गए असीम योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया।
अजय देवगन की निजी जिंदगी की बात करें, तो उन्होंने साल 1999 में अभिनेत्री काजोल से शादी रचाई।दोनों के दो बच्चे बेटी न्यासा और बेटा युग हैं। अजय इस समय बॉलीवुड के सबसे व्यस्तम अभिनेताओं में से एक हैं। वह जल्द ही फिल्म भोला, सर्कस और मैदान में नजर आने वाले हैं।
Ajay
अजय देवगन की आगामी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘मैदान’ काफी समय से चर्चा में है। फुटबॉल पर आधारित फिल्म ‘मैदान’ की रिलीज डेट की घोषणा मेकर्स ने शनिवार को कर दी है। फिल्म अगले साल 17 फरवरी को रिलीज होगी।
फिल्म मैदान भारतीय फुटबॉल के स्वर्णिम वर्षों की सच्ची कहानी पर आधारित है। इसके निर्देशक अमित रविन्द्रनाथ शर्मा हैं। फिल्म में अजय देवगन के साथ राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री प्रियामणि मुख्य भूमिका में हैं। ‘मैदान’ भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी सैयद अब्दुल रहीम पर आधारित है। फिल्म में अजय देवगन फुटबॉल कोच सैयद अब्दुल रहीम का ही किरदार निभा रहे हैं। अजय देवगन और प्रियामणि के अलावा गजराव राव और बोमन ईरानी भी फिल्म में अहम भूमिका में हैं। स्पोर्ट्स पर आधारित ‘मैदान’ अजय देवगन की पहली फिल्म है।
उल्लेखनीय है कि सैयद अब्दुल रहीम साल 1950 से साल 1963 तक भारतीय फुटबॉल कोच और भारतीय राष्ट्रीय टीम के प्रबंधक थे। फिल्म में 1952-1962 का भारतीय फुटबाल का दौर दिखाया जाएगा, जिसे भारतीय फुटबाल का सुनहरा दौर कहा जाता है।अमित आर शर्मा निर्देशित इस फिल्म को जी स्टूडियो, बोनी कपूर, आकाश चावला और अरुणावा जॉय सेनगुप्ता संयुक्त रूप से प्रोडयूस कर रहे हैं। फिल्म 17 फरवरी , 2023 को रिलीज होगी।
अजय देवगन और तब्बू की फिल्म दृश्यम 2015 में रिलीज हुई थी। फिल्म को अच्छे रिव्यूज के साथ बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई भी मिली थी। लंबे समय से फिल्म के सीक्वल दृश्यम 2 की चर्चा चल रही है। निर्माता फिल्म की रिलीज डेट भी जारी कर चुके हैं। निर्माताओं ने तय किया है कि 2 अक्टूबर से वे फिल्म का प्रचार शुरू करेंगे, क्योंकि फिल्म और फिल्म के प्रशंसकों के लिए यह तारीख बेहद खास है।
रिपोर्ट के अनुसार निर्देशक अभिषेक पाठक ने फिल्म का प्रचार करने के लिए 2 अक्टूबर की तारीख तय की है। फिल्म के पहले भाग में यह तारीख स्क्रिप्ट का अहम हिस्सा थी। इसके अलावा इस दिन से फिल्म की रिलीज के करीब 45 दिन बचेंगे। ऐसे में सभी ने एकमत से प्रचार शुरू करने के लिए इस तारीख पर मुहर लगा दी। बता दें, दृश्यम 2 18 नवंबर को रिलीज होने वाली है। 2 अक्टूबर को फिल्म के प्रशंसक फिल्म से संबंधित संदेश और मीम्स शेयर करते हैं। कई लोग अपने दोस्तों को इस तरह के संदेश भेजते हैं कि आज ही की तारीख को विजय सलगांवकर सत्संग गया था और पाव-भाजी खाई थी।
फिल्म की कहानी में विजय (अजय) की बेटी के हाथों 2 अक्टूबर को एक कत्ल हो जाता है। इसके बाद वह यह साबित करने की साजिश रचता है कि 2 अक्टूबर को उसका परिवार घर पर नहीं था। दृश्यम का निर्देशन निशिकांत कामत ने किया था। अगस्त, 2020 में 50 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। वह लंबे समय से लिवर सिरोसिस नामक बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने फोर्स, मदारी और रॉकी हैंडसम जैसी कई बेहतरीन फिल्में दी हैं। दृश्यम 2013 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म की हिंदी रीमेक थी। मलयालम में इस फिल्म का रिलीज हो चुका है। दृश्यम 2 की कहानी दृश्यम की कहानी से छह साल आगे है।
दृश्यम 2 में विजय का परिवार एक बेहतर जीवन व्यतीत करता है। अजय इसमें एक खुशहाल बिजनेसमैन के किरदार में दिखेंगे। कहानी में मोड़ तब आता है, जब पुराने केस में यह परिवार फंस जाता है। दृश्यम में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया शरन, इशिता दत्ता और रजत कपूर नजर आए थे। वहीं दृश्यम 2 अजय-तब्बू के साथ अक्षय खन्ना ने एंट्री ली है। तब्बू और अजय देवगन इससे पहले भी कई फिल्मों में स्क्रीन शेयर कर चुके हैं। दोनों 1994 की फिल्म विजयपथ में साथ नजर आए थे। इसके बाद दोनों 1995 में हकीकत में नजर आए। अजय और तब्बू ने 2017 की फिल्म गोलमाल अगेन में साथ में काम किया था। 2019 की फिल्म दे दे प्यार दे में दोनों फिर साथ नजर आए। हाल ही में दोनों ने अपनी फिल्म भोला की शूटिंग पूरी की है।
आगामी फिल्म थैंक गॉड के निमार्ताओं ने फिल्म के चरित्र के पोस्टर को जारी किया है, पोस्टर को देख फैंस के बीच अजय देवगन को लेकर काफी खुशी है। इस फिल्म में अजय के साथ साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और रकुलप्रीत मुख्य भूमिका में हैं। पोस्टर देखने से लग रहा है कि, अजय देवगन फिल्म में हिंदू देवता चित्रगुप्त के चरित्र को चित्रित करते हुए प्रतीत होते हैं, जबकि सिद्धार्थ एक आम आदमी की भूमिका निभाते हैं। फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है, जो इससे पहले मस्ती, आमिर खान और माधुरी दीक्षित नेने-स्टारर दिल, इश्क और राजा जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। 25 अक्टूबर को स्क्रीन पर आने के लिए तैयार यह फिल्म शुक्रवार को अपने ट्रेलर को रिलीज करेगी।