नई दिल्ली। इंतज़ार की घड़ियाँ ख़त्म हुईं। भारत का आदित्य-एल 1 चल दिया सूर्य की ओर। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सूर्य मिशन के तहत आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से शनिवार को आदित्य-एल 1 को सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया और कामयाबी की एक नयी इबारत लिख दी।
चंद्रयान-3 की सफलता से उत्साहित इसरो अब सूर्य मिशन में सफलता पाने के लिए जुट गया है। इसरो ने सूर्य की स्टडी करने के लिए आदित्य एल 1 को सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया है। ये लॉन्चिंग आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से की गई है। इस मिशन में 7 पेलोड लगे हैं, जिसमें से 6 भारत में बने हैं। आदित्य एल 1 करीब 15 लाख किलोमीटर का सफर तय करेगा। ये मिशन भारत के लिए ऐतिहासिक है क्योंकि सूर्य की स्टडी करने के लिए ये भारत का पहला मिशन है। मिली जानकारी के मुताबिक, आदित्य एल 1 को सूर्य की कक्षा में पहुंचने में 128 दिन का समय लगेगा। इस मिशन को इसरो के सबसे भरोसेमंद पीएसएलवी रॉकेट के साथ लॉन्च किया गया है। वैसे तो अभी तक अमेरिका समेत कई देशों ने सूर्य के अध्ययन के लिए सैटेलाइट भेजे हैं, लेकिन इसरो का आदित्य एल वन अपने आप में अनोखा है।
क्या करेगा आदित्य एल 1?
इसरो का आदित्य एल 1 पहला सूर्य मिशन है, जो एल 1 प्वाइंट तक जाएगा। पृथ्वी से इस जगह की दूरी 15 लाख किलोमीटर है। आदित्य एल 1 सूर्य की किरणों का अध्ययन करेगा और यहां 5 साल 2 महीने तक रहेगा। इस काम में 378 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।
गौरतलब है कि सूरज पृथ्वी के सबसे नजदीक का स्टार है। अन्य स्टार के मुकाबले सूरज की स्टडी संभव है। इस मिशन के बाद आकाशगंगा के बाकी तारों की स्टडी हो सकेगी और दूसरी गैलेक्सी के स्टार्स की जानकारी संभव है। सूरज की दूरी करीब 15 करोड़ किलोमीटर है और इसका तापमान 10 से 20 लाख डिग्री सेल्सियस है। इसकी उम्र 4.5 अरब साल है।
इसरो चीफ के साथ वैज्ञानिकों की पूरी टीम ने तिरुपति में पूजा की
आदित्य एल 1 मिशन की लॉन्चिंग से पहले इसरो चीफ एस सोमनाथ के साथ वैज्ञानिकों की पूरी टीम तिरुपति पहुंची थी और तिरूपति बालाजी मंदिर में मिशन की सफलता के लिए उन्होंने प्रार्थना की थी। इसके पहले इसरो की टीम ने आदित्य मिशन की सफलता के लिए आंध्र प्रदेश के चेंगलम्मा परमेश्वरी मंदिर में भी विशेष पूजा की थी। मिशन चंद्रयान की तरह इसरो के मिशन सूर्ययान को लेकर भी पूरे देश में उत्साह दिख रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आदित्य एलवन मिशन की कामयाबी के लिए पूजा-अर्चना की जा रही है।
जी. माधवन नायर ने कही यह बात
आदित्य एल-1 मिशन पर इसरो के पूर्व अध्यक्ष जी. माधवन नायर ने कहा कि यह मिशन बहुत महत्वपूर्ण है। आदित्य एल-1 को लैग्रेंजियन पॉइंट 1 के आसपास रखा जाएगा, जहां पृथ्वी और सूर्य का गुरुत्वाकर्षण बल लगभग शून्य हो जाता है और न्यूनतम ईंधन के साथ, हम वहां अंतरिक्ष यान बनाए रख सकते हैं। इसके अलावा 24/7 अवलोकन संभव है। अंतरिक्ष यान में सात उपकरण लगाए गए हैं। इस मिशन के डेटा से वायुमंडल में होने वाली विभिन्न घटनाओं, जलवायु परिवर्तन अध्ययन आदि को समझाने में मदद मिलेगी।
Tag: