उरई
जिले के थाना माधौगढ़ क्षेत्र के गोपालपुरा के पास पहूज नदी में मछली पकड़ने आये दो युवक नहाते समय नदी में डूब गए। दोनों मध्य प्रदेश के भिंड जनपद रहने वाले थे। घटना के बाद गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की जा रही है। देर शाम तक युवकों का कोई पता नहीं चल सका। समय गुजरने के साथ दोनों के जिंदा बचने की उम्मीद क्षीण होती जा रही है। घटना शाम पांच बजे के करीब की बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के मिहौना थानांतर्गत ग्राम खितौली निवासी 18 वर्षीय गोलू पुत्र ठाकुरदास एवं 19 वर्षीय धीरू पुत्र श्रीराम रविवार को गोपालपुरा में पहूज नदी पर मछली पकड़ने के लिए आए थे। मछली पकड़ने के दौरान गर्मी के वजह से दोनों नदीं में उतरकर नहाने लगे, लेकिन उन्हें नदी की गहराई का अंदाजा नहीं था। दोनों नहाते समय नदी में डूब गए। वहां मौजूद कुछ चरवाहों ने उन्हें छटपटाते देखे, लेकिन नदी में कूदकर उनको बचाने का साहस वे नहीं कर पाए। बाद में पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। थोड़ी ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
नदी में डूबे में दोनों युवकों का शाम तक पता नहीं चला। पुलिस गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश कर रही है। उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद मध्य प्रदेश से युवकों के स्वजन भी मौके पर आ गए। तेज धार के साथ नदी के बहते पानी को लाचार निगाह से देखने के अलावा उनके पास कोई उपाय नहीं था। वक्त गुजरने के साथ दोनों युवकों के जिंदा बचने की उम्मीद खत्म होती जा रही है। माधौगढ़ के सीओ राहुल पांडेय का कहना है कि नदी में डूबे युवकों की तलाश की जा रही है। हादसा कैसे हुआ इसकी जांच भी कराई जाएगी।