बिल्हौर
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर गंगा पुल पर गंगा निहारने के दौरान अनियंत्रित हुई स्कार्पियो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। वहीं, आठ लोग घायल हो गए। यूपीडा के सुरक्षाकर्मी कार सवार घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दो लोगों को एलएलआर हास्पिटल (हैलट) कानपुर रेफर कर दिया।
जौनपुर के सरपतहा क्षेत्र के सारी जहांगीर पट्टी निवासी 34 वर्षीय रोहित उपाध्याय ने बताया कि वह काम के संबंध में कार से मोहाली (पंजाब) जा रहे थे। उनके साथ पत्नी 30 वर्षीय अर्पिता, 45 वर्षीय बहनोई सुल्तानपुर के कटावा निवासी संतोष मिश्रा, उनकी पत्नी 38 वर्षीय सुनीता उनके बेटे 13 वर्षीय शुभम, बेटी 10 वर्षीय नंदिनी व छोटी बहन 30 वर्षीय रजनी उनका बेटा 8 वर्षीय अनमोल व 10 वर्षीय बेटी आरोही भी थे। कार बहन रजनी चला रही थी।
एक्सप्रेस-वे पर किमी- 222 गंगा पुल पर सभी लोग गंगाजी की ओर देखने लगे। इस बीच तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। यूपीडा के सुरक्षाकर्मी घायल कार सवारों को एंबुलेंस से सीएचसी ले गए। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने अर्पिता को मृत घोषित कर दिया। वही, घायल संतोष व आरोही को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। अन्य मामूली घायलों की मरहम पट्टी की गई। इंस्पेक्टर धनेश प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों के स्वजन को सूचना भेजकर बुलवाया है।