अयोध्या
जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच ईद की नमाज पढ़ी गई। जिले में 156 ईदगाह व 153 मस्जिदों में अदा की गई नमाज में देश में अमन चैन व सलामती की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद एक दूसरे से गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं। अलग-अलग समय पर अलग-अलग मस्जिदों व ईदगाहो में नमाज पढ़ी गई।
सिविल लाइन ईदगाह में जगह कम होने के कारण नमाज बाहर भी पढ़ी गई। डीएम नीतीश कुमार व एसएसपी शैलेश पांडे ने ईद की शुभकामनाएं दीं। ईदगाह स्थल पर सपा नेता व पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडे,बसपा नेता पवन कुमार ने भी लोगों को बधाई दी। प्रसिद्ध समाजसेवी व पद्मश्री मोहम्मद शरीफ भी सिविल लाइन ईदगाह पहुंचे, जहां डीएम व एसएसपी ने पद्मश्री को ईद की मुबारकबाद दी।
रुदौली में भी ईद की नमाज सकुशल शांतिपूर्वक माहौल में अदा की गई।रुदौली क्षेत्र में भी ईद का त्योहार हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।क़स्बा व ग्रामीण क्षेत्र की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ अदा की गई। दरगाह शरीफ रुदौली के सज्जादा नशीन ईदगाह जामा मस्जिद कमेटी रुदौली के अध्यक्ष शाह अम्मार अहमद उर्फ नैय्यर मियां के नेतृत्व में ईदगाह में नमाज अदा की गई, जिसमें काफी बड़ी संख्या में नमाजी एकत्र हुए।
ईद की नमाज के बाद नैय्यर मियां ने मुल्क में शांति भाईचारा और तरक्की की दुआ की। नैय्यर मियां ने ईद के अवसर पर प्रशासन को बेहतर व्यवस्था के लिए शुक्रिया अदा किया। ईद पर्व पर पुलिस प्रशासन काफी सतर्क रहा है। सपा नेता एहसान मो.अली उर्फ़ चौधरी शहरयार ने भी क़स्बा रुदौली स्तिथ ईदगाह में नमाज़ियों से को गले मिल कर ईद की मुबारकबाद दी।साथ में नगर अध्यक्ष आमिर खान,शुएब खान,परवेज़ खान,सभासद मो.इद्रीस बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता मौजूद रहे।
आपको बता दें कि ईदगाह पर एसडीएम स्वप्निल यादव व सीओ सुरेंद्र तिवारी मौजूद रहे। कहीं भी सड़क पर नमाज नहीं अदा की गई। ईदगाह व मस्जिदों पर ही नमाजियों ने नमाज अदा की। नगर पालिका की तरफ से पेयजल व सफाई की व्यवस्था चाकचौबंद रही।