लखनऊ
विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर दूसरे दिन चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी साथियों को आईना दिखा दो तो उनका पारा चढ़ जाता है। पाठक ने पूर्व की सपा सरकार में फैली अराजकता की याद दिलाते हुए कहा कि पार्टी के अनुषांगिक संगठन लोहियावाहिनी के गुंडों ने हजरतगंज के सीओ को गाड़ी के बोनट पर टांगकर लखनऊ में घुमाते हुए एसएसपी के बंगले में घुसा दिया था और अब कानून-व्यवस्था की बात कर रहे हैं।
इस पर सपा के नरेश उत्तम सहित अन्य सदस्यों ने आपत्ति उठाते हुए शोर मचाने की कोशिश की लेकिन अधिष्ठाता जयपाल सिंह ने सभी को शांत करा दिया। हालांकि, देर तक कार्यवाही चलने पर थोड़ी देर बाद सपा सदस्य सदन से चले गए। कांग्रेस और सपा सदस्यों की अनुपस्थित में उप मुख्यमंत्री ने लगभग आधे घंटे तक अपनी बात रखी। बुधवार को परिषद में धन्यवाद प्रस्ताव पर ब्रजेश ने कहा कि सपा के सत्ता में आने पर गुंडे, अपराधी, मवाली, माफिया, लुच्चे, लफंगे थानों पर कब्जा करके बैठे रहे हैं।
योगी सरकार माफिया-अपराधियों की कमर तोड़ रहे हैं तो सपा मुखिया के पेट में दर्द क्यों हो रहा है? कारण है कि जो लोग माफिया के दम पर सरकारें चलाते थे उनको दर्द हो रहा है। इनको डाइजीन चाहिए क्योंकि बदहजमी हो रही है। पाठक ने कहा कि कांच पर अगर पारा चढ़ा दें तो वह आईना हो जाता है और अगर किसी को आईना दिखा दो तो उसका पारा चढ़ जाता है। हमारे समाजवादी साथी ऐसे ही हैं।
सपा पर तंज कसते हुए ब्रजेश ने कहा कि हमने मकान, गाड़ी, बिल्डिंग, आफिस पर कब्जा करने के बारे में सुना था लेकिन पार्टी कब्जा करने की घटना पूरी दुनिया में पहली बार इन लोगों (सपा) ने की। लोहिया जी भी आज स्वर्ग में बैठकर सोचते होंगे, क्या हो गया है हमारे वारिसों की। चाहे लोहिया हों या आंबेडकर, मुखर्जी, दीनदयाल, सभी कमजोरों के चेहरे पर मुस्कान चाहते थे।
हम लोग छोटा-बड़ा, अपना-पराया, अमीर-गरीब नहीं देखते। गड़बड़ी करने वालों को ऐसा दंड दिया जा रहा है कि उनकी पीढियां याद करेंगी। उप मुख्यमंत्री ने कहाकि तीन जून को तीसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होने जा रही है, जिसमें 75000 करोड़ से अधिक के नई निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जाएगा। चीनी के मामले में प्रदेश आत्मनिर्भर हुआ है। एथेनॉल का उत्पादन अब 107.21 करोड़ लीटर होने से यूपी देश का सबसा बड़ा एथेनॉल आपूर्तिकर्ता राज्य बन गया है। स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो रही हैं। प्रस्ताव का समर्थन करते हुए ब्रजेश ने कहा कि हमारी सरकार में सबका साथ सबका का विकास हो रहा है।
इससे पहले नेता विरोधी दल संजय लाठर ने कहा कि यह सरकार लोकतंत्र विरोधी है। इस सरकार में बुलडोजर का प्रयोग विपक्षियों को डराने के लिये किया जाता है। सरकार किसान विरोधी भी है। सरकार धर्म व जाति के आधार पर कार्य कर रही है। मैं इसका पूरजोर विरोध करता हूं। बसपा के भीमराव अम्बेडकर ने भी चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि अभिभाषण में पुरानी पेंशन लागू करने के बारे में कुछ नहीं कहा गया है। आउटसोर्सिंग से नौकरियां खत्म की जा रही है। अम्बेडकर की चर्चा जारी रखते हुए अधिष्ठाता ने 5.30 बजे सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।