राजेपुर
पट्टी दारापुर स्थित गंगा नदी में शनिवार को तीन लोगों के शव उतराते देखे गए। मामले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस महकमे में हलचल मच गई। फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने किला घाट पर खेाजबीन की। हालांकि राजेपुर क्षेत्र में पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से तीनों शव नदी से निकलवाए। इनमें एक वृद्ध, एक युवती और तीसरा महिला का शव है। पुलिस के मुताबिक वृद्ध का जल प्रवाह किया गया था।
शनिवार को गंगा नदी में तीन शव उतारने का वीडियो इंटरनेट मीडिया वायरल हुआ तो पुलिस महकमें में हलचल मच गई। अपने-अपने थाना क्षेत्र में पुलिस ने गंगा नदी में शवों की खोजबीन शुरू की। फतेहगढ़ कोतवाली के इंस्पेक्टर कमलेश कुमार किला घाट पर पहुंचे, लेकिन यहां पर शव नहीं मिले। राजेपुर थाने के दारोगा जितेंद्र कुमार, दिनेश यादव पट्टी दारापुर पहुंचे। वहां पर तीन शव उतराते मिले। स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
पुलिस ने तीनों शव नदी से बाहर निकलवाए। इनमें एक वृद्ध, दूसरा तीस वर्षीय महिला और तीसरा 20 वर्षीय युवती का था। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि वृद्ध के शव का जल प्रवाह किया गया था। इसलिए पुलिस ने वृद्ध का शव नदी में बहा दिया। जब कि युवती और महिला का शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए। 30 वर्षीय महिला लाल रंग की साड़ी, काले रंग का ब्लाउज, कानों में कुंडल और एक पैर में पायल पहने थी।
जबकि युवती पीले रंग की कुर्ती, काले रंग की सलवार पहनी थी। महिला का शव तीन से चार दिन पहले का बताया गया है। जब कि युवती का शव आठ से दस दिन पुराना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों का मौत कारण स्पष्ट हो सकेगा। थानाध्यक्ष दिनेश गौतम ने बताया कि महिला और युवती के शव बहकर आए हैं।