गोंडा
चोर समझकर एक व्यक्ति को गांव के ही कुछ लोगों ने पकड़ कर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसकी पिटाई की गई। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इटियाथोक के पंडितपुरवा निवासी ननके शनिवार की रात खेत देखने गया था।
वापस आते समय लखनीपुर गांव के कुछ लोगों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया। इसके बाद उसे गांव में ले जाकर पेड़ से बांध दिया। आरोप है कि पेड़ से बांधने के बाद उसकी पिटाई की गई। रात भर उसे पेड़ से बांधकर रखा गया। सुबह होने पर उसे छोड़ दिया गया। इसका वीडियो भी लोगों ने बना लिया है।
रविवार को यह वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में पिटाई के कारण युवक के सिर से खून निकल रहा है। वह लोगों से गिड़गिड़ाता हुआ नजर आ रहा है। 27 सेकंड के इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस अफसरों ने छानबीन शुरू की।
इटियाथोक पुलिस ने मुकदमा करके आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
SSI विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लिखा-पढ़ी की जा रही है। सीओ सीओ लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि पीड़ित से पुलिस ने संपर्क कर लिया है। उससे पूरी जानकारी करने के बाद वायरल वीडियो के आधार पर पिटाई करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही गांव में पुलिस को गश्त करने को कहा गया है।
नगर कोतवाली के गुड्डूमल तिराहे पर ठेलेवालों द्वारा एक व्यक्ति की पिटाई का वीडियो 18 नवंबर 2021 को वायरल हुआ था। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने कार्रवाई की थी। यही नहीं, चार अप्रैल 2022 को मनकापुर में कलशयात्रा में शामिल महिलाओं की एक महिला सिपाही द्वारा की गई पिटाई का भी वीडियो वायरल हुआ था।
आपको बता दें कि इससे पहले 11 नवंबर 2021 को रोडवेज बस स्टेशन पर एक युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था।