रायटर
रूसी सेना द्वारा यूक्रेन की स्वास्थ्य सुविधाओं पर किए गए हमलों से वहां पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आपातस्थिति पैदा हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सदस्य देशों की गुरुवार को हुई बैठक में रूसी कृत्य की निंदा का प्रस्ताव पेश किया गया। प्रस्ताव में WHO की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि युद्ध के दौरान रूसी सेना ने यूक्रेन में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े 235 स्थानों पर हमले किए। उनमें से ज्यादातर बर्बाद हो गए है।
इस प्रस्ताव के जवाब में रूस ने भी एक प्रस्ताव पेश किया जिसमें यूक्रेन की स्थिति के लिए खुद की कोई भूमिका नहीं होने की बात कही गई है। सीरिया ने रूस के प्रस्ताव का समर्थन किया है। रूस की निंदा के प्रस्ताव को अमेरिका और 40 से ज्यादा देशों का समर्थन प्राप्त है। प्रस्ताव में रूसी कार्यवाही को अविलंब रोके जाने और संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य एजेंसी में रूस का मतदान का अधिकार निलंबित किए जाने की सिफारिश की गई है।
अगर यह प्रस्ताव बड़े अंतर से पारित हो गया तो बहुध्रुवीय व्यवस्था के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश होगा। बैठक में पोलैंड के स्वास्थ्य मंत्री एडम नीडजिल्स्की ने कहा, यूक्रेन में जिस तरह से सैन्य हमले में जनस्वास्थ्य की सुविधाओं को ध्वस्त किया गया है उस पर संगठन चुप होकर नहीं बैठ सकता। उसे इस पर कड़ा कदम उठाकर दुनिया को संदेश देना है। सिर उठा रहे खाद्यान्न संकट के बीच ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन खाने के बदले दुनिया से फिरौती वसूलना चाहते हैं।
लिज ट्रस ने यह बात पश्चिमी देशों के लगाए प्रतिबंधों को हटाने की रूस की शर्त पर कही है। बुधवार को खाद्यान्न को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की बात यूरोपीय यूनियन की प्रमुख उर्सला वान डेर लिएन ने कही थी। विदित हो कि रूस दुनिया का सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक और निर्यातक देश है।
जर्मनी के चांसलर ओलफ शुल्ज ने कहा है कि रूस-यूक्रेन में युद्ध जीत नहीं सकता। इसलिए रूसी राष्ट्रपति पुतिन शांति समझौते की शर्तें तय नहीं कर सकते। इस बीच यूक्रेन के अधिकारियों ने दावा किया है कि मारीपोल इलाके में रूस द्वारा जारी पासपोर्ट वितरण का कार्य शुरू हो गया है।