सुल्तानपुर
टांडा-बांदा हाईवे पर शुक्रवार की सुबह हुए सड़क हादसे में बस्ती जिले में तैनात खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की मौत हो गई। दुर्घटना जयसिंहपुर कोतवाली के बहली भोजा का पुरवा गांव के पास हुई। इसमें कार चालक को हल्की चोटें आई हैं।
बस्ती जिले के नगर कोतवाली के बैरियहवा में रहने वाले भुआल सिंह कार से प्रयागराज जा रहे थे। कार पिपरा निवासी पवन कुमार चला रहा था। सुबह करीब 6:00 बजे कार बहली भोजा का पुरवा गांव के पास पहुंची थी की अचानक असंतुलित होकर हाईवे के किनारे गड्ढे में पलट गई। आसपास के लोग तत्काल मदद को पहुंचे और दोनों लोगों को बाहर निकाला। उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने भुआल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों ने दुर्घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी तो पुलिस ने छानबीन शुरू की। चालक के मुताबिक भुआल बस्ती जिले के हर्रैया ब्लाक में बीडीओ थे। कुछ दिन पहले ही पदोन्नति मिलने पर यह पद उन्हें मिला था। भुआल मूलरूप से जौनपुर जिले के मड़ियाहूं, जमालापुर के निवासी थे। इन्होंने बस्ती शहर में मकान बनवा लिया था। पत्नी रेखा सिंह व दो बच्चों के साथ वहीं रहते थे। चालक का कहना है कि वे किसी मुकदमे के सिलसिले में प्रयागराज जा रहे थे।