यूपी की नोएडा पुलिस ने सितंबर 2021 में हुई एक महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार लिव-इन में रह रही महिला साथी की हत्या करने आरोप में शनिवार को एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने हत्याकांड को अंजाम देने के बाद महिला का शव नहर में फेंक दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
सूरजपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि 15 सितंबर, 2021 को खुशी उर्फ सपना नामक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी और शव को दादरी थाना क्षेत्र के कोट पुल के पास गंग नहर में फेंक दिया गया था। महिला का शव थाना जेवर पुलिस ने बरामद किया था। सिंह ने बताया कि इस मामले में मृतका की मां शीला देवी ने बुलंदशहर के सलेमपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज करवाया था।
बता दें कि जहां से मामला नोएडा स्थानांतरित किया गया था। उन्होंने बताया कि फरवरी, 2022 में थाना सूरजपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सुशील को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के साथ लिव इन में रहता था।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। उसने बताया कि उसका महिला से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। घटना वाले दिन आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और कमरा बंद करके चला गया। अगले दिन जब वह आया तो उसने महिला के शव को एक बोरी में भरा और अपनी कार में डालकर उसे कोट पुल के पास ले गया। वहां पर उसने गंग नहर में शव को फेंक दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया है।