बलरामपुर
बलरामपुर नगर कोतवाली के खखरेभारी गांव में शनिवार रात हत्या के प्रयास व गैंगस्टर आरोपितों को पकड़ने गई पुलिस को जानलेवा हमला का शिकार होना पड़ा। गैंगस्टर आरोपित छिट्टू व गामा पुत्रगण राम खिलावन ने राजापुर भरिया जंगल के पास पुलिस टीम पर हंसिया व फरसा से हमला बोल दिया। इसमें पूरबटोला चौकी प्रभारी सुनील कुमार के पैर व आरक्षी मनीष कुमार की नाक में चोट आई है।
हमले में घायल होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों गैंगस्टर भाइयों को दबोच लिया। घायल उपनिरीक्षक व आरक्षी को संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि छिट्टू व गामा गैंगस्टर व हत्या के प्रयास मामले में वांछित थे। न्यायालय के आदेश पर शनिवार की रात दो उपनिरीक्षक व दो आरक्षियों की टीम उन्हें गिरफ्तार करने गई थी।
राजापुर भरिया जंगल के पास आरोपित भाई पुलिस टीम पर हमलावर हो गए। पुलिस व गैंगस्टर भाइयों में काफी देर तक संघर्ष चला। हंसिया व फरसा के वार से आरक्षी मनीष के नाक, कान, अंगूठा आदि अंगों पर गहरा घाव हो गया। उपनिरीक्षक सुनील कुमार का पैर टूट गया। पुलिस टीम को घायल कर आरोपित भागने के प्रयास में थे, लेकिन घायल अवस्था में भी पुलिस कर्मियों ने हिम्मत न हारी। दोनों भाइयों को पुलिस टीम ने दबोच लिया।
घायल पुलिसकर्मियों को संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की खबर सुनते ही पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना, अपर पुलिस अधीक्षक नम्रिता श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सदर वरुण मिश्र संयुक्त जिला अस्पताल पहुंच गए। अधिकरियों ने गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल लिया। बताया कि पकड़े गए गैंगस्टर आरोपितयों को जेल रवाना किया जा रहा है।