कन्नौज
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर चालक को झपकी आने से कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। यहां से दो को कानपुर रेफर कर दिया गया।
गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा निवासी 33 वर्षीय राजुल पांडेय पुत्र श्याम बिहारी, अपनी 32 वर्षीय पत्नी रुचि पांडेय, दो वर्षीय बेटा रियांश पांडेय, 55 वर्षीय मां बसंती पांडेय व 19 वर्षीय भतीजी लकी पांडेय पुत्री दिलीप पांडेय के साथ छह दिन पहले अपने मूल गांव बिहार के सिवान जिला गए थे। वहां से वापस आते समय बुधवार सुबह 7 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 198 किमी प्वाइंट पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कार सवार घायल हो गए। यूपीडा कर्मियों ने घायलों को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कलेज में भर्ती कराया। वहां पर इलाज के दौरान 7.30 बजे पर रुचि की मौत हो गई। लकी व बसंती को कानपुर रेफर कर दिया गया। राजुल अपने सभी घायल स्वजन को लेकर कानपुर इलाज के लिए चले गए। जानकारी स्वजन को दे दी गई है। कार को राजुल चला रहे थे। यूपीडा कर्मियों ने बताया हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ है। क्षतिग्रस्त कार को टोल प्लाजा पर खड़ा करवा दिया गया है।