बलरामपुर
अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में तीन लोग घायल हुए हैं। पहली घटना गैंसड़ी बाजार की है। यहीं के अनिल कसौधन का बेटा दीपक अपने दो साथियों के साथ पैदल जा रहा था। अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए। तुलसीपुर थाना क्षेत्र अंतर गत बौद्ध परिपथ पर गुरुवार की रात 12 बजे रमवापुर पेट्रोल पंप के पास हुई। बाइक व टैंपो की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों एक शादी समारोह से वापस घर आ रहे थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसंतपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दीपक की मौत हो गई। गैंसड़ी बाजार निवासी अजीत कन्नौजिया व महेश गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के चाचा विनोद कुमार ने बताया कि वह नूर पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता था। पढ़ने में अच्छा, परिश्रमी एवं महत्वाकांक्षी था। दीपक पिता का सहारा बनने के लिए फार्मासिस्ट बनना चाहता था।
इसीलिए स्कूल से आने के बाद एक मेडिकल स्टोर पर सीखने के लिए काम करता था। क्योंकि पिता अनिल कुमार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। दीपक बसंतपुर गांव में अपने दोस्त के भाई मिथलेश की शादी में बारात जाने के लिए घर से निकला था। मां बिंदूदेवी और दोनों बहनें भाई कि कलाई पर कैसे राखी बांधेगी यही कहकर दहाड़े मारकर रोने लगती हैं।
दूसरी घटना तुलसीपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर पेट्रोल पंप के पास बाइक और टैंपो की भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार गौरा चौराहा थाना के कैलाशगढ़ गांव निवासी आसिफ खान की मौत हो गई। सौरभ सिंह घायल हो गए। दोनों एक ही बाइक से कौवापुर में एक शादी समारोह में भाग लेकर रात करीब 11:30 बजे अपने घर के लिए निकले थे। रास्ते में घटना हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर पहुंचाया।
बता दें कि अस्पताल पहुंचने से पहले आसिफ खान ने दम तोड़ दिया था। सौरभ सिंह की हालत को गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि परिवारजन को सूचना दे दी गई है। टेंपो चालक की तलाश की जा रही है।