प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब भी PM पद के लिए देश के लोगों की पहली पसंद हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल उनके कहीं आसपास भी नहीं टिकते हैं। ये नतीजा न्यूज एजेंसी आईएएनएस और सी-वोटर के सर्वे में आया है। ये सर्वे असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुदुचेरी और केरल में किया गया।
इन सभी जगह 2021 में चुनाव हुए थे। इन सभी जगह को मिलाकर लोकसभा की 120 सीटें होती हैं। इस सर्वे से ये भी साफ है कि असम, पश्चिम बंगाल और पुदुचेरी में बीजेपी की ताकत लगातार बढ़ रही है। असम में 43% लोगों ने पीएम पद के लिए मोदी का नाम लिया है। इसके बाद वहां केजरीवाल के समर्थन में 11.62% और राहुल गांधी के पक्ष में 10.7% लोग दिखे।
राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से सांसद हैं। इस राज्य के 28% लोगों ने मोदी को पीएम पद की पसंद बताया। इसके बाद 20.38% ने राहुल का नाम लिया जबकि, 8.28% लोगों ने अरविंद केजरीवाल को पीएम पद के लिए ठीक कहा है। तमिलनाडु में 29.56 फीसदी लोगों ने मोदी को पीएम पद की पहली पसंद बताया। यहां 24.65% लोगों ने राहुल गांधी और 5.23% लोगों ने ममता बनर्जी को इस पद की पसंद बताया है।
पुदुचेरी में 49.69% लोगों ने मोदी के पक्ष में समर्थन जताया। वहीं, 11.8% ने कांग्रेस और 3.22% ने राहुल गांधी का पक्ष लिया। पश्चिम बंगाल में 42.37% लोगों ने पीएम पद के लिए मोदी को पहली पसंद बताया। ममता बनर्जी के लिए 26.08% ने समर्थन दिया जबकि, राहुल गांधी के लिए महज 14.4% लोगों ने कहा कि उन्हें पीएम बनना चाहिए।
सर्वे के इन नतीजों को मिलाया जाए, तो इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 49.91% लोगों ने पीएम मोदी को प्रधानमंत्री के तौर पर पसंद किया। जबकि, राहुल गांधी को 10.1%, अरविंद केजरीवाल को 7.62%, ममता बनर्जी को 3.23% और अन्य नेताओं को 5.46% लोगों ने पीएम पद के लिए पसंदीदा करार दिया गया है।