कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सदर इलाके में 17 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता की मां के साथ उसके आधिकारिक आवासीय क्वार्टर में दुष्कर्म करने के आरोप में एक पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी इंस्पेक्टर अनूप मौर्य को निलंबित कर जेल भेज दिया गया है। अनूप मौर्य को हाल ही में इंस्पेक्टर के पद पर प्रमोशन मिला था।
पीड़ित महिला की शिकायत के अनुसार मौर्य उसकी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले की जांच कर रहा था। उसने उसे 28 अगस्त को आधिकारिक आवासीय क्वार्टर पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। गिरफ्तार अधिकारी ने कहा कि उसने शिकायतकर्ता को कुछ दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर लेने के लिए अपने कमरे में बुलाया था। वैसे, इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई जांच में महिला के आरोपों की पुष्टि होने के बाद ही इंस्पेक्टर अनूप मौर्य पर कार्रवाई हुई है।
कन्नौज के एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि पीड़िता के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। इंस्पेक्टर को निलंबित कर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि सर्किल अधिकारी सदर शिव प्रताप सिंह को घटना की शुरुआती जांच करने के लिए कहा गया था। उन्होंने मौर्य को दोषी पाया।
कन्नौज
कन्नौज
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर चालक को झपकी आने से कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। यहां से दो को कानपुर रेफर कर दिया गया।
गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा निवासी 33 वर्षीय राजुल पांडेय पुत्र श्याम बिहारी, अपनी 32 वर्षीय पत्नी रुचि पांडेय, दो वर्षीय बेटा रियांश पांडेय, 55 वर्षीय मां बसंती पांडेय व 19 वर्षीय भतीजी लकी पांडेय पुत्री दिलीप पांडेय के साथ छह दिन पहले अपने मूल गांव बिहार के सिवान जिला गए थे। वहां से वापस आते समय बुधवार सुबह 7 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 198 किमी प्वाइंट पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कार सवार घायल हो गए। यूपीडा कर्मियों ने घायलों को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कलेज में भर्ती कराया। वहां पर इलाज के दौरान 7.30 बजे पर रुचि की मौत हो गई। लकी व बसंती को कानपुर रेफर कर दिया गया। राजुल अपने सभी घायल स्वजन को लेकर कानपुर इलाज के लिए चले गए। जानकारी स्वजन को दे दी गई है। कार को राजुल चला रहे थे। यूपीडा कर्मियों ने बताया हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ है। क्षतिग्रस्त कार को टोल प्लाजा पर खड़ा करवा दिया गया है।
कन्नौज
घर में सो रहे भांजे की मामा ने कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी। सुबह खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर वह थाने पहुंच गया। पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया है। सोमवार सुबह सौरिख थाने में ग्राम दरिया नगला निवासी सूरजपाल पुत्र गोवर्धनलाल हाथ में खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा। उसने थानाध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता को बताया कि उसने अपने भांजे सुनील कुमार पुत्र भीखम सिंह निवासी ग्राम गोपालपुर थाना एलाऊ जनपद मैनपुरी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है।
भांजा बचपन से उनके पास ही रह रहा था, जबकि उसके पिता भीकम सिंह पत्नी की हत्या में जिला कारागार अनौगी में बंद है। इस समय उनकी तबीयत खराब चल रही है और वह कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती हैं। वह कानपुर जाना चाहता था, लेकिन भांजे ने उसे रोक दिया। जिसके चलते उसने भांजे की हत्या कर दी। अब वह सरेंडर करना चाहता है। थानाध्यक्ष ने सूरजपाल को हिरासत में लिया और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा, सीओ छिबरामऊ शिव कुमार थापा, थानाध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता पुलिस बल के बाद साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो घर में सुनील कुमार का खून से लथपथ सब पड़ा था। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। एसपी ने बताया की घटना की जांच की जा रही है। हत्यारोपी से पूछताछ की जाएगी।
कन्नौज
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर झपकी आने से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने युवकों के स्वजन को सूचना दे दी है। हादसा तालग्राम क्षेत्र में हुआ।
पश्चिम बंगाल के प्रेमओदंगा चन्नी किवारी निशीगंज निवासी 33 वर्षीय प्रदीप वर्मन अपने साथी 24 वर्षीय सुब्रता उर्फ बिट्टू वर्मन के साथ पल्सर बाइक से राजस्थान के जयपुर स्थित मां वैष्णो नगर जा रहे थे। बाइक सुब्रता चला रहे थे। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर गांव भीकमपुर साहनी के पास सुब्रता को झपकी आ गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
बता दें कि हादसे में सुब्रता की मौके पर ही मौत हो गई। यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह ने घायल प्रदीप को तिर्वा स्थित मेडिकल कालेज भेजा गया है। जहां उपचार के दौरान प्रदीप की भी मौत हो गई। उनके पास से मिले अभिलेखों से उनकी शिनाख्त हुई।