रायबरेली
ऊंचाहार के गोकना गंगा घाट पर स्नान के लिए महिला श्रद्धालु की रविवार रात गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पूरे घटनाक्रम में पति की भूमिका संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। नसीराबाद के पूरे भक्तन मजरे बभनपुर गांव निवासी मीना अपने पति चंद्रपाल और दो बच्चों के साथ रविवार की रात बस से गोकना घाट आई थी।
बता दें कि सभी लोग घाट पर बने धर्मशाला में रुके थे। देर रात मीना को पेट दर्द हुआ। वह अपने पति के साथ शौच के लिए धर्मशाला से निकली और रहस्मय परिस्थितियों में लापता हो गई। उसके पति ने घाट पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम से पत्नी के खो जाने का अनाउंसमेंट कराया। मौके पर पुलिस भी आ गई। रात भर खोजबीन के बाद भी महिला का पता नहीं चल सका।
सोमवार की सुबह गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं ने मीना का शव गोकना घाट से करीब आधा किमी दूर गंगा किनारे पड़ा देखा। महिला के दोनों हाथ दुपट्टे से बंधे थे। गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी। वारदात की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और तहकीकात की। संदेह के आधार पर उसके पति को हिरासत में लिया गया है। उस पर संदेह इसलिए गहराया क्योंकि उसकी पत्नी उसी के साथ शौच के लिए निकली थी।
उसका कहना है कि जहां मीना शौच कर रही थी, वहां से दो सौ मीटर की दूरी पर वह बैठा था। इस बीच उसे पता भी नहीं चला और उसकी पत्नी लापता हो गई। ये बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है। चंद्रपाल नसीराबाद में ही ईंट भट्ठे पर काम करता है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात का राजफाश जल्द ही हो जाएगा। हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।