City Headlines

Home Crime कानपुर से मुम्बई तक है सपा विधायक इरफान की अरबों की अवैध संपत्ति

कानपुर से मुम्बई तक है सपा विधायक इरफान की अरबों की अवैध संपत्ति

पुलिस जांच में खुलासा होने के बाद अब गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्‍त करने की तैयारी

by City Headline
UP, SP, MLA, Irfan Solanki, property, seized, weapon, license suspended, Kanpur

कानपुर। सीसामऊ विधानसभा सीट से सपा विधायक इरफान सोलंकी की कानपुर से मुंबई तक 150 करोड़ से अधिक की संपत्ति पुलिस की जांच में सामने आई है। पुलिस का दावा है कि ये संपत्ति अवैध तरीके से जुटाई गई है। बेनामी संपत्तियों की लंबी-चौड़ी सूची है, जो दूसरे के नाम खरीदी गई है। अब ये संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त होगी।
संयुक्त पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने रविवार को बताया कि इरफान सोलंकी ने अवैध तरह से अरबों की संपत्ति जुटाई है। केडीए, नगर निगम एवं स्थानीय इंटेलिजेंस से अब तक करीब 150 करोड़ की संपत्ति का ब्योरा पुलिस के सामने आया है। इरफान ने अपने कई पार्टनर के नाम करोड़ों की संपत्ति खरीदी है। इसके साथ ही पार्टनरशिप में कंस्ट्रक्शन कंपनी से लेकर टेनरी और चमड़े का बड़ा कारोबार खड़ा किया है।

भाई रिजवान के पास भी उन्‍नाव तक करोड़ों की संपत्ति
इरफान के भाई रिजवान ने भी करोड़ों की बेनामी संपत्ति को जुटाया है। उसके पास भी कानपुर से लेकर उन्नाव तक करोड़ों की संपत्ति है। रिजवान उन्नाव का भू माफिया है। इसके साथ ही गैंग में शामिल सपा नेत्री के पिता शौकत पहलवान ने भी अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। हिस्ट्रीशीटर इसराइल आटे वाला, मोहम्मद शरीफ की भी करोड़ों की संपत्ति जब्त की जाएगी।
पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि इरफान की संपत्ति में बहुत तेजी से वृद्धि हुई है। इरफान की चार विधानसभाओं में घोषित संपत्ति का विवरण जांचने से साफ हो गया कि इरफान रातों-रात अरबों के मालिक बन गए। इरफान ने 2022 विधानसभा चुनाव में 10 करोड़ की संपत्ति की घोषणा की है। इससे पूर्व 2017 में करीब 3 करोड़ की संपत्ति थी। इससे पूर्व के दो विधानसभा चुनाव में उनके पास घर और न के बराबर संपत्ति थी, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि हकीकत में डेढ़ सौ करोड़ के मालिक हैं। यह संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की गई है।
सपा विधायक इरफान सोलंकी पर महिला का घर फूंकने के आरोप के बाद पुलिस का शिकंजा कसता चला जा रहा है। पुलिस ने एक महीने के भीतर इरफान के खिलाफ एक के बाद एक गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज किए थे, जिसमें दो में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। छह मामलों में की जांच जारी है और चार्जशीट अंतिम पड़ाव में है। पुलिस 10 फरवरी तक उन मामलों में भी चार्जशीट दाखिल कर देगी।