नई दिल्ली। कांग्रेस नेतृत्व के फार्मूले पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के दोनों दावेदार सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार सहमत हो गए हैं। यह जानकारी कांग्रेस सूत्रों ने दी। सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार को कुछ बड़े मंत्रालयों के साथ उप मुख्यमंत्री पद दिया जाएगा। डीके शिवकुमार फिलहाल राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष बने रहेंगे।
कर्नाटक के संबंध में हाईकमान के अंतिम निर्णय की जानकारी मीडिया को पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दी। कांग्रेस पार्टी के निर्णय के अनुसार डीके शिवकुमार राज्य के इकलौते डिप्टी सीएम होंगे। कनार्टक के संबंध में सामने आई जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह 20 मई को बेंगलुरु में होगा। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
इस बीच सूचना है कि कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आवास के बाहर सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। बुधवार को कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा था कि कर्नाटक पर मंथन जारी है। जब भी पार्टी कोई फैसला लेगी मीडिया को आधिकारिक रूप से बताया जाएगा।