City Headlines

Home Crime फेसबुक लाइव में गोली मारकर हत्या, फिर खुदकुशी की हमलावर ने

फेसबुक लाइव में गोली मारकर हत्या, फिर खुदकुशी की हमलावर ने

उद्धव गुट के नेता के बेटे को लाइव चैट पर बुलाया और कर दिया फायर

by Suyash

मुंबई। उद्धव गुट के शिवसेना नेता और पूर्व पार्षद अभिषेक घोषालकर की गुरुवार (8 फरवरी) रात में गोली मार कर हत्या कर दी गई। अभिषेक को फेसबुक लाइव पर चर्चा के दौरान गोली मारी गई। अभिषेक पर फायरिंग के बाद आरोपी ने खुद को भी 4 गोलियां मारीं।
इससे उसकी भी मौत हो गई। आरोपी की पहचान मॉरिस के रूप में की गई है। अभिषेक घोषालकर ​​​​​​शिवसेना (उद्धव गुट) के पूर्व विधायक विनोद घोषालकर के बेटे थे। मॉरिस ने फेसबुक लाइव के बहाने अभिषेक को अपने ऑफिस बुलाया था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देखा गया कि अभिषेक फेसबुक लाइव के बाद उठकर जा रहे थे। इसी दौरान मॉरिस ने उनपर 4-5 राउंड फायरिंग की। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। अभिषेक को हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना की वजह पता नहीं चल सकी है। रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि अभिषेक और मॉरिस के बीच कुछ मनमुटाव था। हालांकि, हाल ही में दोनों के बीच समझौता हो गया था। इसके कारण गुरुवार की रात मॉरिस के बुलाने पर घोषालकर उसके ऑफिस आए थे।
घटना को लेकर शिवसेना (उद्धव गुट) ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री देवेंद्र फड़नवीस के इस्तीफे की मांग की है।
पिछले हफ्ते शिवसेना नेता की थाने में हुई थी हत्या
ऐसी ही एक घटना पिछले हफ्ते महाराष्ट्र के उल्हासनगर में हुई थी। यहां जमीन विवाद के चलते BJP विधायक गणपत गायकवाड़ और उनके एक साथी ने शिंदे गुट के शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ को पुलिस स्टेशन के अंदर गोली मार दी थी।
दोनों एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत करने के लिए 2 फरवरी की रात करीब 10 बजे हिल लाइन पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। आरोपी BJP विधायक समेत 3 फरवरी को तीन लोगों को गिरफ्तारी हुई। इन्हें उल्हासनगर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की ज्यूडीशियल कस्टडी में भेज दिया गया।