City Headlines

Home Himachal Pradesh हिमाचल में सत्ता में लौटने की राह बनते ही मुख्यमंत्री पद को लेकर दावेदारी तेज

हिमाचल में सत्ता में लौटने की राह बनते ही मुख्यमंत्री पद को लेकर दावेदारी तेज

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के परिवार के सदस्यों का नाम सबसे आगे

by City Headline
Meerut, UP, Congress, Ragini Nayak, BJP Government, Modi Government, Jumla Government, Government, Farmers

शिमला/नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने सबसे ज्यादा सीटें जीतकर भारतीय जनता पार्टी से राज्य की सत्ता छीन ली है। भाजपा के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपनी विधानसभा सीट जीतने के बावजूद पार्टी को दोबारा राज्य की सत्ता में वापस नहीं ला सके। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में जोरदार प्रचार अभियान चलाने वाली भाजपा ने इस बार रिवाज बदलने का दावा किया था, पर उसका सपना टूट गया। इस बीच राज्य मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यपाल को अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया है। नये मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण करने तक राज्यपाल ने उन्हें अपने पद पर बने रहने के लिए कहा है।
विधानसभा चुनाव के नतीजों के आने के बाद कांग्रेस में इस जीत के साथ हिमाचल में मुख्यमंत्री बनने के लिए नेताओं ने दावेदारी तेज कर दी है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के परिवार, मुख्य रूप से उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह के समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर बेहद सक्रिय हैं। हालांकि कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि राज्य का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, इसके बारे में विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी हाईकमान अंतिम निर्णय लेगा।
गुरुवार को चुनाव नतीजे आने के साथ राज्य में सरकार बनाने के लिए आवश्यक 35 सीटों के जादुई आंकड़े से आगे बढ़ती कांग्रेस दिखी। भाजपा सिर्फ 26 विधानसभा सीटों पर ही कांग्रेस को पछाड़ती नजर आई। रूझानों में कांग्रेस के 39 सीटों पर आगे होने की जानकारी के साथ राज्य में नया मुख्यमंत्री बनाने के लिए कांग्रेस में दावेदारों के समर्थकों के सुर तेज होने लगे हैं। इस बीच राज्य में नवनिर्वाचित विधायकों से संपर्क करने के लिए पार्टी हाईकमान के निर्देश पर वरिष्ठ नेताओं को हिमाचल रवाना कर दिया गया है।