City Headlines

Home Delhi दिल्ली के पूर्वांचल समाज ने छोड़ा “आप” का साथ, भाजपा में हुए शामिल

दिल्ली के पूर्वांचल समाज ने छोड़ा “आप” का साथ, भाजपा में हुए शामिल

दिल्ली एमसीडी चुनाव में पूर्वांचल समाज रहता है निर्णायक भूमिका में

by City Headline

नई दिल्ली। एमसीडी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी  और आप पार्टी के बीच जंग तीखी होती जा रही है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने आप को तगड़ा झटका दिया है । दिल्ली में मजबूत राजनीतिक हैसियत रखने वाले पूर्वांचल समाज के कई आप नेताओं को भाजपा ने अपने पाले में खींच लिया है । भारतीय जनता पार्टी  के वरिष्ठ नेता विजय गोयल एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी की उपस्थिति में आज आम आदमी पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय भगत, संगठन मंत्री अमरनाथ यादव, उपाध्यक्ष वी.के. जायसवाल एवं अन्य प्रदेश पदाधिकारियों के आलावा घोंडा विधानसभा से आप उपाध्यक्ष प्रोमिला सैन, वार्ड प्रभारी बलवीर सिंह परमार, घोंडा वार्ड की उपाध्यक्ष निर्मला देवी एवं पूर्वांचल मोर्चा उपाध्यक्ष भीम कुमार जायसवाल, प्रजापति महिला संगठन अध्यक्ष आरती प्रजापति सहित पूरी आम आदमी पार्टी का पूर्वांचल मोर्चा कार्यकारिणी आज भाजपा में शामिल हो गया। इस मौके पर विधायक अजय महावर, पूर्व महापौर आरती मेहरा, भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कौशल मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता अजय सहरावत, सारिका जैन, प्रदेश भाजपा मीडिया रिलेशन विभाग के सह-प्रमुख विक्रम मित्तल, दिल्ली के पूर्व उपमहापौर विजय भगत, पूर्वांचल मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष मनीष सिंह भी उपस्थित थे।

आम आदमी पार्टी को छोड़ने का बड़ा कारण

विजय गोयल ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के कई स्टिंग सामने आ रहे हैं और इसलिए यह बात तय है कि आम आदमी पार्टी द्वारा सभी 250 सीटें बेची गई है। इसलिए आप के मेहनती कार्यकर्ता जो सालों से कड़ी मेहनत कर रहे हैं, वे खफा हैं और पार्टी का साथ छोड़ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी चुनाव में 230 सीटें जीतकर एक बार फिर से निगम में आने वाली है। आम आदमी पार्टी की असलियत जानने के बाद दिल्लावीलों का उससे मोह भंग हो चुका है। ये वे लोग नहीं है जो अन्ना आंदोलन में थे और देश में भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात करते थे बल्कि सत्ता को हासिल करने के लिए जितने गलत तरीके हो सकते हैं, वे सभी अपना रहे हैं।
मनोज तिवारी के आरोप
वहीं मनोज तिवारी ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी के पूर्वांचल मोर्चे का भाजपा में विलय हो गया। आम आदमी पार्टी के कारण आज दिल्लीवासी ठगा महसूस कर रहे हैं और यही कारण है कि अब आप कार्यकर्ताओं को भी अपनी पार्टी और पार्टी के मुखिया केजरीवाल पर भरोसा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली के साथ विश्वासघात किया है। जितने भी वायदें किए उनमें से एक भी वायदा पूरा नहीं किया। आज घोटालों की एक सीरीज केजरीवाल की दिल्लीवालों के सामने आई है तो उस पर जवाब देने के लिए उनके पास कुछ नहीं है।