झुंझुनू। झुंझुनू में एक प्रेमी युगल ने पुलिस थाना के सामने ही जहर खा लिया। जयपुर में इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। युवक की हालात गंभीर बनी हुई है। दोनों ने भागने से पहले कसम खाई थी कि शादी करेंगे। अगर उससे पहले पकड़े गए तो जान दे देंगे। घटना गुरुवार रात की है।
दोनों करीब महीने भर से घर से फरार चल रहे थे। गुरुवार रात को दोनों झुंझुनू कोतवाली थाना में पहुंचे थे। जैसे ही थाने में पहुंचे तो दोनों की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। तुरन्त दोनों को अस्पताल में पहुंचाया। जांच के बाद पता चला की दोनों ने जहर खाया है। हालत गंभीर होने पर दोनों को जयुपर रेफर दिया। जहां इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।
प्रेम प्रसंग चल रहा था
मृतक दीपिका उर्फ दिया (20) फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। युवक सुनील (21) खेती बाड़ी का काम करता था। दोनों झुंझुनू जिले के सिंघाना थाना के हीरवा गांव के रहने वाले थे। रिश्ते में दोना भाई-बहन हैं। दोनों में काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध में युवती की मां ने सिंघाना थाना में 26 जून 2023 को रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। इसके बाद से ही सिंघाना पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।
फोन रिसीव नहीं किया
पुलिस के अनुसार 3 दिन पहले दोनों ने झुंझुनू के हाउसिंग बोर्ड से एक दिन के लिए गाड़ी किराए पर ली थी। गाड़ी मालिक को हनुमानगढ़ जाने के लिए कहा था। एक दिन बाद जब दोनों वापस नहीं लौटे तो गाड़ी मालिक ने फोन किया लेकिन दोनों ने फोन रिसीव नहीं किया। जिसके बाद गाड़ी मालिक जीपीएस से गाड़ी की लोकेशन को ट्रेस कर दोनों को पकड़कर झुंझुनू कोतवाली थाने के अंदर छोड़ गया था। इसके बाद दोनों ने कोतवाली थाना के बाहर जहर खाकर पुलिस के सामने पहुंच गए। गाड़ी मालिक के द्वारा दोनों को पकड़ने के बाद उन्हें लगा की पुलिस घरवालों के सुपुर्द कर देगी। अलग होने के डर से दोनों ने जहर खा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।