City Headlines

Home International पुतिन के कट्टर विरोधी एलेक्सी नवेलनी की जेल में मौत

पुतिन के कट्टर विरोधी एलेक्सी नवेलनी की जेल में मौत

by Suyash

मास्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक और विरोधी एलेक्सी नवेलनी की रूस की एक जेल में मौत हो गई है। एलेक्सी नवेलनी लंबे समय से जेल में बंद थे। नवेलनी को रूस में पुतिन का सबसे बड़ा आलोचक माना जाता था। सरकार विरोधी प्रदर्शन के लिए नवेलनी को साल 2021 में जेल हुई थी। इससे पहले नवलनी को जहर देकर मारने की भी कोशिश हुई थी। जिसमें नवलनी बच गए थे।
कई दिनों तक जेल से गायब रहे थे
इससे पहले खबर आई थी कि नवेलनी कई दिनों तक जेल से गायब रहे थे। दावा किया गया था कि उनके वकीलों की उनसे कोई बात भी नहीं हो पा रही थी। कैदियों की सूची से भी उनका नाम गायब था। हालांकि, करीब 20 दिन बाद उनके वकील उनसे मिल पाए थे। रूसी सरकार ने नवलनी को बेहद ठंडे आर्कटिक क्षेत्र में स्थित जेल में शिफ्ट कर दिया था।
बताया गया था कि नवलनी यामालो नेनेट्स के खार्प इलाके में स्थित जेल में बंद हैं। खार्प में करीब 5 हजार लोग रहते हैं और यह क्षेत्र आर्कटिक सर्किल के ऊपर स्थित है। इसके चलते यहां जबरदस्त ठंड होती है और यहां की परिस्थितियां बेहद खतरनाक होती हैं। जेल के कैदियों का बाहरी दुनिया से संपर्क नहीं होता और यह रूस के सबसे खतरनाक जेलों में गिनी जाती है। यह इलाका रूस की राजधानी मॉस्को से उत्तर पूर्व में दो हजार किलोमीटर दूर स्थित है।
उधर , एलेक्सई नवलनी की मौत पर पत्नी ने रोते हुए कहा ‘पुतिन को इसकी सजा जरूर मिलेगी। यूलिया नवलनया ने कहा कि ‘हम पुतिन और उसकी सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते। वे हमेशा झूठ बोलते हैं, लेकिन अगर ये सच है तो पुतिन और उनकी सरकार, उनके दोस्तों ने हमारे देश, हमारे परिवार, मेरे पति के साथ जो भी किया है, उसका जवाब देना होगा।’
रूस में राष्ट्रपति पुतिन के विरोधी रहे एलेक्सई नवलनी की जेल में मौत की खबर पूरी दुनिया में सुर्खियों में है। अब नवलनी की पत्नी यूलिया नवलनया ने कहा है कि अगर नवलनी की मौत की बात सच है तो पुतिन और उनके सहयोगियों को इसकी सजा जरूर मिलेगी। म्युनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के दौरान लगभग रोकर बोलते हुए नवलनी की पत्नी ने कहा कि नवलनी की मौत की खबर अभी रूस सरकार के सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है, ऐसे में इस पर पूरी तरह से यकीन नहीं किया जा सकता क्योंकि वे पहले भी कई बार झूठ बोल चुके हैं।

‘पुतिन को जवाब देना होगा’
यूलिया नवलनया ने कहा कि ‘हम पुतिन और उसकी सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते। वे हमेशा झूठ बोलते हैं, लेकिन अगर ये सच है तो पुतिन और उनकी सरकार, उनके दोस्तों ने हमारे देश, हमारे परिवार, मेरे पति के साथ जो भी किया है, उसका जवाब देना होगा और वो दिन भी जल्द आएगा।’ नवलनी की पत्नी ने पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस की ‘शैतानी सरकार’ के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

कौन थे एलेक्सई नवलनी
एलेक्सई नवलनी रूसी राजनेता और विपक्षी पार्टी का चेहरा थे। बीते एक दशक से नवलनी रूस में राष्ट्रपति पुतिन के सबसे मुखर विरोधी रहे हैं। वे बीते लंबे समय से जेल में बंद थे। पिछले साल नवलनी को आर्कटिक सर्किल जेल में शिफ्ट कर दिया गया था, जो रूस की सबसे सख्त जेलों में गिनी जाती है। जेल विभाग ने बताया कि नवलनी को शुक्रवार को टहलते हुए तबीयत खराब महसूस हुई और तुरंत ही वे बेहोश हो गए। मेडिकल टीम ने उनकी हालत में सुधार की कोशिश की, लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं हो सके। नवलनी रूस की राजनीति में ज्यादा पारदर्शिता की मांग करते थे। वे साल 2013 में मॉस्को के मेयर पद का चुनाव भी लड़े थे और दूसरे स्थान पर रहे थे। अगस्त 2020 में नवलनी को जहर दिया गया था, जिसमें नवलनी बाल-बाल बच गए थे।