City Headlines

Home Maharajganj जनता की सेवा को तत्पर है डबल इंजन की सरकार: योगी आदित्यनाथ

जनता की सेवा को तत्पर है डबल इंजन की सरकार: योगी आदित्यनाथ

हवाई सर्वेक्षण कर महराजगंज में बाढ़ की स्थिति का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा

by City Headline
Disaster, Untimely, Flood, Tragedy, CM, Yogi

महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अक्टूबर के महीने में पहली बार असमय बाढ़ की त्रासदी का सामना करना पड़ रहा है। आपदा की चुनौती का मजबूती से सामना करते हुए केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार जनता जनार्दन की सेवा में पूरी तत्परता के साथ खड़ी है। बाढ़ प्रभावित हर व्यक्ति को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को महराजगंज जनपद के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद धानी ब्लॉक के पीछे बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से बेहद आत्मीयता से बातचीत की। उनका दुख-दर्द साझा किया। खुद अपने हाथों से राहत सामग्री सौंपी। इस दौरान उन्होंने भरोसा दिया कि सरकार इस संकट की घड़ी में सबके साथ खड़ी है। बाढ़ आपदा में हुए उनके हर नुकसान की भरपाई की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए केंद्र व राज्य की सरकार ने हर प्रकार की सहायता के लिए प्रशासन को पर्याप्त धन व सामग्री उपलब्ध करा दी है। जिन घरों में पानी लगने से भोजन बनाने की व्यवस्था नहीं हो पा रही है, वहां भोजन के पैकेट पहुंचाई जा रहे हैं। जहां भोजन बन सकता है, वहां पर्याप्त मात्रा में राशन किट की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि जो लोग बाढ़ के पानी में पूरी तरह घिरे हुए हैं, अतिरिक्त नौकाओं की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सभी जनप्रतिनिधि व प्रशासन के अधिकारी जनता की सेवा में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न व अन्य सामग्री का वितरण कराया जा रहा है।