मुम्बई। मात्र एक सेल्फी के चक्कर में क्रिकेटर पृथ्वी शॉ विवादीन में घिर गए हैं। सेल्फी देने के लिए तैयार न होने पर होटल में कुछ फंस से कहा सुनी हो गयी। होटल डिनर करके निकलने पर पृथ्वी शॉ को प्रशंसक ने अपने साथियों के साथ घेर लिया , इसमें एक लड़की भी थी। बात बढ़ते – बढ़ते मारपीट तक आ गयी। इसी विवाद से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चल रहा है , जिसमे शॉ लड़की से बेस बॉल का बैट छीनते हुए नज़र आ रहे हैं। इस विवाद में पुलिस को दखल देना पड़ा। पुलिस ने मामले में आठ लोगो के खिलाफ केस दर्ज़ कर लिया है , इसमें से सपना गिल नाम की लड़की को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना की शुरुआत बुधवार की रात से शुरू होती है। दरअसल, पृथ्वी शॉ के पक्ष की ओर से बताया गया है कि भारत के स्टार ओपनर बुधवार रात को एक फाइव स्टार होटल में डिनर के लिए गए थे। इसके बाद एक शख्स उनके पास आया और सेल्फी लेने की मांग करने लगा। पृथ्वी ने उस फैन को निराश नहीं किया और फोटो खिंचवाई। इसके कुछ देर बाद वह शख्स अपने कुछ और दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और सेल्फी लेने की मांग करने लगा। पृथ्वी शॉ ने यह कहकर उन्हें मना कर दिया कि वह दोस्तों के साथ यहां खाना खाने आए हैं और कोई डिस्टरबेंस नहीं चाहते।
फिर भी फैंस उन्हें सेल्फी के लिए जोर देने लगे तो पृथ्वी के दोस्त ने होटल मैनेजर को फोन कर शिकायत की। मैनेजर ने उन लोगों को होटल से जाने के लिए कहा। वह सभी वहां से चले गए। इसके बाद पृथ्वी और उनके दोस्तों ने उस होटल में डिनर किया।
होटल से बाहर निकलने पर शुरू हुआ विवाद
जब पृथ्वी शॉ और उनके दोस्त खाना खाने के बाद होटल से बाहर निकले तो कुछ लोग बेसबॉल स्टिक के साथ बाहर खड़े थे। उन लोगों ने पृथ्वी की कार का शीशा तोड़ दिया। उस वक्त पृथ्वी भी कार में मौजूद थे। हालांकि, उन्हें कोई चोट नहीं आई।
महिला ने पृथ्वी से 50 हजार रुपये की मांग की
शिकायतकर्ता ने बताया कि उस वक्त पृथ्वी कार में थे और वह कोई विवाद नहीं चाहते थे। ऐसे में फिर दूसरे कार से घर भेजा गया। इसके बाद पृथ्वी शॉ जिस दूसरे कार में बैठे थे, उसे भी रोका गया। वहां एक महिला आई और कहा कि इस मामले को सुलझाना है तो उसे 50 हजार रुपये देने होंगे नहीं तो झूठे आरोप लगा देगी। कहा जा रहा है कि फैंस ने क्रिकेटर के कार की विंडशील्ड भी तोड़ दी। इस घटना के बाद पृथ्वी के दोस्त ने ओशिवारा थाने में मामला दर्ज कराया।
एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया
ओशिवारा पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इनमें से दो नामजद और छह अज्ञात हैं। शिकायत में जिन लोगों के नाम हैं- उनमें से दो की पहचान शोभित ठाकुर और सना उर्फ सपना गिल के रूप में हुई है। ओशिवारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 143, 148, 149, 384, 437, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया है। गुरुवार को इसी मामले में एक गिरफ्तारी हुई है।
हालांकि, सपना ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से किनारा कर लिया और पृथ्वी शॉ पर हमला करने का आरोप लगाया। इस मामले में सपना गिल के वकील अली काशिफ खान का कहना है कि मारपीट सपना ने नहीं, बल्कि पृथ्वी शॉ ने की थी।
इसी बीच विवाद से सम्बंधित वीडियो ने इंटरनेट पर कोहराम मचा दिया है। इसमें सपना और उनके साथ मौजूद व्यक्ति पृथ्वी और उनके दोस्तों पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। साथ ही वह यह भी कह रहे हैं कि उनके पास पृथ्वी का वीडियो भी है। झगड़े के वीडियो में भी देखा जा सकता है कि पृथ्वी महिला फैन से भिड़ रहे हैं और दोनों बेसबॉल बैट पकड़े हुए हैं। वकील का कहना है कि उनकी मुवक्किल सपना को ओशिवरा पुलिस थाने में बैठाकर रखा गया है। उसे मेडिकल के लिए भी जाने नहीं दिया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर चल रहे एक वीडियो में शॉ एक लड़की से बेसबॉल बैट छीनते नजर आ रहे हैं। वहीं, उस लड़की का साथी शॉ का वीडियो बनाते दिख रहा है। लड़की और उसके साथी ने आरोप लगाया है कि शॉ और उनके दोस्तों ने डांस क्लब में उनके साथ मारपीट की। फिर बाहर बेसबॉल बैट से हमला किया। पुलिस के मुताबिक सपना एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर हैं।
लड़की ने शॉ पर आरोप लगाए
वायरल वीडियो में लड़की, उसका साथी, पृथ्वी शॉ और कुछ पुलिसवाले नजर आ रहे हैं। शॉ किसी से फोन पर बात करते दिख रहे हैं। लड़की और उसके साथी का कहना है कि वह भी पार्टी करने ही गए थे, लेकिन शॉ के दोस्तों ने उनके साथ क्लब में मारपीट की।
लड़के ने कहा कि वह शॉ के साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था, तभी शॉ ने उसका फोन छीनकर फेंक दिया और उसे धक्का दे दिया। वहीं सपना गिल के वकील अली काशिफ खान ने पृथ्वी शॉ पर अपनी क्लाइंट के साथ बदसलूकी का आरोप लगाया है।
मुंबई पुलिस के डीसीपी अनिल परासकर ने बताया कि पृथ्वी के दोस्त आशीष सुरेंद्र यादव की शिकायत पर ओशिवारा पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें सना उर्फ सपना गिल और शोभित ठाकुर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज है। इन पर पृथ्वी के दोस्त की कार का शीशा तोड़ने और मारपीट का आरोप लगाया गया है। इस दौरान शॉ कार में ही मौजूद थे।
आरोपियों पर शॉ के दोस्त ने अपनी कार का पीछा करने, मामले को दबाने और झूठा केस बनाने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपए मांगने का भी आरोप लगाया है। सपना गिल को पुलिस ने गुरुवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। सपना का मेडिकल कराया गया है और उन्हें शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। परासकर ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
23 साल के पृथ्वी शॉ ने हाल ही में 537 दिनों बाद टीम इंडिया में वापसी की थी। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया था। हालांकि, उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। पृथ्वी पिछली बार भारत के लिए 25 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ खेले थे। पृथ्वी 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप को जीतने वाली टीम इंडिया के कप्तान रह चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो पृथ्वी ने भारत के लिए पांच टेस्ट खेले हैं और 42.37 की औसत से 339 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल है। पृथ्वी के नाम टेस्ट डेब्यू पर शतक जड़ने का रिकॉर्ड है। इसके अलावा पृथ्वी छह वनडे मैचों में 31.50 की औसत से 189 रन बना चुके हैं। वहीं, भारत के लिए सिर्फ एक टी20 खेला है, जिसमें वह कोई रन नहीं बना सके। घरेलू क्रिकेट में पृथ्वी 41 फर्स्ट क्लास मैचों में 51.75 की औसत से 3623 रन बनाए हैं। इनमें 12 शतक और 15 अर्धशतक शामिल है।