City Headlines

Home » पुर्तगाल के कोच फर्नांडो सांतोस ने मोरक्को से हारने बाद इस्तीफा दिया

पुर्तगाल के कोच फर्नांडो सांतोस ने मोरक्को से हारने बाद इस्तीफा दिया

by Rashmi Singh

लिस्बन । फीफा विश्व कप के क्वार्टरफाइनल मैच में अपने से कमजोर माने जाने वाली मोरक्को टीम से हारकर टूर्नामेंट से बाहर होने पर पुर्तगाल के मुख्य कोच फर्नांडो सांतोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पुर्तगाली महासंघ ने ट्विटर पर यह जानकारी दी है।
68 वर्षीय सांतोस ने वर्ष 2014 में पुर्तगाल के कोच का काम संभाला था। उनके नेतृत्व में पुर्तगाल ने फ्रांस को हराकर पहली बार यूरो 2016 चैम्पियनशिप का खिताब जीता था। इसके बाद उनके निर्देशन में वर्ष 2019 में पुर्तगाल ने यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता। हालाँकि, मोरक्को से 1-0 की चौंकाने वाली हार ने कतर में उनके करियर का अंत कर दिया। हालांकि उनका अनुबंध 2024 यूरोपीय चैम्पियनशिप तक था।
एफपीएफ के एक बयान में कहा, “पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ और फर्नांडो सांतोस सितंबर 2014 में शुरू हुई अत्यधिक सफल यात्रा को समाप्त करने पर सहमत हुए। एफपीएफ बोर्ड अब अगले राष्ट्रीय कोच को चुनने की प्रक्रिया शुरू करेगा। फाइनल में राष्ट्रीय टीम द्वारा अब तक की सबसे अच्छी भागीदारी के बाद विश्व कप में मिली हार के बाद एफपीएफ और फर्नांडो सांतोस समझते हैं कि यह एक नया चक्र शुरू करने का सही समय है।”
एक भावुक वीडियो संदेश में सांतोस ने कहा कि पुर्तगाल का कोच बनना सपना सच होने और जीवन के लक्ष्य को पूरा करने जैसा है। उन्होंने कहा, “जब आप समूहों का नेतृत्व करते हैं, तो आपको कुछ कठिन निर्णय लेने पड़ते हैं। यह सामान्य है कि मेरे द्वारा किए गए प्रयोगों से हर कोई खुश नहीं था, लेकिन मैंने जो निर्णय लिए, वे हमेशा टीम के हित को लेकर किये।”
पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को स्विट्जरलैंड के खिलाफ टीम के राउंड ऑफ़ 16 मैच के लिए बेन्च पर बिठाने के सांतोस के फैसले से विवाद हो गया था।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.