बैरकपुर (पश्चिम बंगाल )। कलकत्ता हाई कोर्ट के अधिवक्ता और कांग्रेस प्रवक्ता कौस्तव बागची को करीब पांच घंटे की पूछताछ और तलाशी के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर विवादित टिप्पणी की थी जिसे लेकर शुक्रवार को बड़तला थाना की पुलिस उनके घर गई थी। पुलिस की एक टीम फिर से शनिवार सुबह करीब तीन बजे उनके घर पहुंची। उन्हें सुबह करीब आठ बजे गिरफ्तार किया गया और बड़तला थाना ले जाया गया। उधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने सरकार के इस एक्शन पर कहा कि ममता बनर्जी का यह रवैया तानाशाहीपूर्ण है।
कांग्रेस प्रवक्ता कौस्तव बागची ने दावा किया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी के कारण उनके घर पुलिस भेजी गई। उन्होंने कहा कि मैंने नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री मुझसे इतना डरेंगी। यह मेरी नैतिक जीत है। कौस्तव ने कहा कि वह भविष्य में राज्य प्रशासन के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने दावा किया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनकी टिप्पणियों के कारण राज्य में शांति भंग हुई है इसीलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान कौस्तव ने पत्रकारों के समक्ष अपना गुस्सा जाहिर किया। उनका दावा है कि मुख्यमंत्री के खिलाफ मुंह खोलने पर उन्हें इस तरह परेशान किया जा रहा है। पुलिस रात तीन बजे आई जैसे मैं कोई आतंकवादी हूं लेकिन पुलिस भी लाचार है। मैंने नहीं सोचा था कि सत्ता पक्ष के नेता इस तरह मुझसे डरेंगे। वकील ने यह भी कहा, आज से मुख्यमंत्री के साथ हमारी राजनीतिक लड़ाई शुरू हो गई है। लड़ाई कानूनी होगी। मेरा नाम कौस्तव बागची है, मैं हार मानने वालों में से नहीं हूं। मैं उनकी रातों की नींद उड़ा दूंगा।
कांग्रेस ने दावा किया कि सागरदिघी चुनाव के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी पर हमला बोला था। कौस्तव ने मुख्यमंत्री को उसी का जवाब दिया था। अधीर ने शनिवार सुबह कौस्तव से संपर्क किया। उन्होंने उनके साथ रहने का संदेश दिया है। यूथ कांग्रेस ने कहा कि राज्य भर में विरोध प्रदर्शन होंगे।
ममता अपनी आलोचना नहीं सह सकतीं: अधीर
कांग्रेस नेता और अधिवक्ता कौस्तव बागची की कोलकाता पुलिस के हाथों गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर असहिष्णु होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बनर्जी अपनी आलोचना नहीं सह सकतीं इसलिए तानाशाही रुख अख्तियार करते हुए गिरफ्तारी करवा रही हैं।
शुक्रवार सुबह उत्तर 24 परगना के बैरकपुर स्थित कौस्तव के घर कोलकाता पुलिस की बड़तला थाने की टीम पहुंची थी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ दंगा भड़काने की कोशिश, महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने और हिंसा भड़काने के इरादे से काम करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी हुई है।
इसे लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर चौधरी ने कहा कि पूरी कांग्रेस कौस्तव के साथ खड़ी है। हम लोग सड़कों पर उतर कर इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। ममता बनर्जी को अपनी आलोचना बर्दाश्त नहीं होती इसीलिए तानाशाही का रास्ता अख्तियार करती हैं।
उल्लेखनीय है कि अपने खिलाफ लगी धाराओं को लेकर कौस्तव का पुलिस से जमकर विवाद हुआ। उसके बाद सुबह 8:00 बजे के करीब उन्हें बलपूर्वक पुलिस की टीम ले गई। आरोप है कि उन्हें परेशान किया गया है।