City Headlines

Home national नीरज चोपड़ा ने इतिहास रचा, डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने

नीरज चोपड़ा ने इतिहास रचा, डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने

करिअर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर डायमंड लीग में पहले स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा

by Suyash

लुसाने। टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने चोट के बाद शानदार वापसी करते हुए लुसाने डायमंड लीग में 89.08 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ जैवलिन-थ्रो प्रतियोगिता जीत ली है । इस कामयाबी के साथ नीरज डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने। साथ ही उन्होंने डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जो सात और आठ सितंबर को ज्यूरिख, स्विटजरलैंड में होगी। वह अब 2023 विश्व चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं। नीरज का 89.08 मीटर का प्रयास उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो भी है।
नीरज का पहला थ्रो ही उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास था। इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 85.18 मीटर की दूरी पर भाला फेंका, जबकि तीसरा प्रयास उन्होंने नहीं किया। चौथे प्रयास में फाउल करने के बाद नीरज ने पांचवां प्रयास भी छोड़ा और फिर छठे प्रयास में 80.04 मीटर के थ्रो के साथ मुकाबला समाप्त किया।
चेक गणराज्य के जेकब वालेज ने 85.88 मीटर फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन ने 83.72 मीटर फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया।
अमेरिका के ओरेगॉन में इस साल विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद नीरज की यह पहली प्रतियोगिता थी। विश्व चैंपियनशिप में चोट लगने के बाद वह राष्ट्रमंडल खेल 2022 में हिस्सा नहीं ले सके थे। हाल ही में नीरज ने भारत को वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक दिलाया था। अंजू बॉबी जॉर्ज (2003) के बाद वह ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे एथलीट बने। फाइनल में नीरज ने 88.13 मीटर दूर तक भाला फेंका था और रजत पदक अपने नाम किया था।हरियाणा के पानीपत से आने वाले नीरज डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गये हैं। साथ ही वह डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय भी हैं।